केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने समर्थकों के साथ मनाई होली, ईटीवी भारत की जमकर की तारीफ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने अपने आवास पर समर्थकों के साथ होली मनाई. इस बार उनके आवास पर 'नमो श्री अन्न होली' थीम रखा गया.


Published : March 3, 2026 at 3:51 PM IST
रिपोर्ट: भुवन किशोर झा
रांची: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद संजय सेठ ने इस बार भी होली को अपने खास अंदाज में मनाया. अपने आवास पर समर्थकों और भाजपा नेताओं के साथ उन्होंने जमकर होली खेली. इस दौरान होली के गीतों पर झूमते-नाचते नजर आए. गुलाल के साथ-साथ फूलों की होली खेलते हुए वे पूरी तरह मस्ती में डूबे दिखे.
संजय सेठ ने कहा कि होली एक ऐसा त्योहार है जिसमें किसी को बुरा नहीं मानना चाहिए. बल्कि एक-दूसरे के प्रति सद्भावना बढ़ाने और दोस्ती का हाथ बढ़ाने का यह बेहतरीन अवसर है. उन्होंने आगे कहा कि होली प्यार और मस्ती का पर्व है, जिसमें सभी लोग शामिल होते हैं. यह रंगीन त्योहार है, जिसमें जाति-धर्म का भेदभाव होली की मस्ती में खत्म हो जाता है.
इस बार थीम रहा 'नमो श्री अन्न होली'
इस वर्ष संजय सेठ के आवास पर होली मिलन का थीम 'नमो श्री अन्न होली' रहा. सभी स्नैक्स और व्यंजनों में मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा आदि का इस्तेमाल किया गया. संजय सेठ ने इन पकवानों की खासियत बताते हुए कहा, "ये व्यंजन ज्वार, बाजरा और अन्य मोटे अनाज से बने हैं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को मजबूती मिले, जिसमें 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है."

उन्होंने पानी की बर्बादी को लेकर उठने वाली आपत्तियों पर भी अपनी राय रखी. कहा, "कई लोग होली खेलने से मना करते हैं कि पानी बर्बाद होता है, लेकिन उनसे पूछिए कि गाड़ी कितनी बार धोते हैं? इसलिए मैं कहता हूं- होली जमकर खेलो, दीपावली में जमकर दीये जलाओ."

परंपराओं का सम्मान और सनातन संस्कृति पर जोर
संजय सेठ ने कहा कि हम सनातनी हैं. शिवरात्रि में भोले बाबा को दूध चढ़ाते हैं, दीपावली में आतिशबाजी करते हैं और होली पर जमकर रंग-गुलाल उड़ाते हैं. ये हमारी सैकड़ों साल पुरानी परंपराएं हैं. उन्होंने ईटीवी भारत की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह चैनल हमेशा राष्ट्रभावना से काम करता है. उन्होंने सभी से अपील की कि होली जमकर मनाएं. साथ ही कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का संकल्प जो 15 अगस्त 2047 को पूरा होगा, वह सबसे बड़ा होली होगा."
ये भी पढ़ें:
JSLPS की सखी मंडल का हर्बल गुलाल, इको-फ्रेंडली और त्वचा के लिए हैं सुरक्षित
रांची में हर्बल अबीर-गुलाल बना रही महिलाएं, बाजार के अभाव में बढ़ी चिंता

