करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री खट्टर, लिया विकास कार्यों का जायजा, बोले-"डंकी रूट से न जाएं, बिना पर्ची-खर्ची विदेश में मिलेगा रोजगार"
केंद्रीय मंत्री खट्टर ने करनाल में विकास कार्यों का निरीक्षण किया. युवाओं से डंकी रूट से विदेश ना जाने की अपील की.

Published : January 3, 2026 at 3:52 PM IST
करनाल: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले शहर में चल रहे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन टी-फ्लाईओवर और प्रस्तावित शॉपिंग मॉल का निरीक्षण किया. साथ ही अधिकारियों से उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली और समयबद्ध रूप से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. मंत्री खट्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है.
‘पांचजन्य 2026’ कार्यक्रम में युवाओं को मिला सुनहरा मौका : इसके बाद केंद्रीय मंत्री कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में विदेश सहयोग विभाग और हरियाणा कौशल रोजगार निगम द्वारा आयोजित ‘पांचजन्य 2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने विदेश में रोजगार पाने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
डंकी रूट नहीं, सही रास्ते से विदेश रोजगार : इसकी बाद मीडिया से केन्द्रीय मंत्री ने बातचीत की. बातचीत के दौरान मनोहर लाल ने कहा कि, "युवाओं को अब डंकी रूट जैसे खतरनाक और अवैध रास्तों की जरूरत नहीं है. सरकार ने ऐसी व्यवस्था तैयार की है, जिसके तहत युवा बिना किसी खर्च और बिना एजेंट के विदेश जाकर सम्मानजनक नौकरी प्राप्त कर सकते हैं. डंकी रूट को लेकर अब समाज में जागरूकता बढ़ी है और लोग इसे छोड़ रहे हैं."
हरियाणा बना देश का पहला राज्य : केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि, "हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने विदेश सहयोग के लिए अलग विभाग का गठन किया है. पिछले साल इजराइल के लिए 232 युवाओं का चयन हुआ था, जिनमें से 180 युवा वहां जाकर काम कर रहे हैं और शेष का प्रोसेस जारी है. सभी युवाओं को बेहतर वेतन और सुरक्षित कार्य वातावरण मिल रहा है."
209 युवाओं का चयन : मंत्री खट्टर ने कहा कि, "इस साल विदेशी कंपनियों की टीमों ने हरियाणा आकर इंटरव्यू लिए, जिनमें करीब 209 युवाओं का चयन किया गया है. आने वाले समय में और भी वैकेंसी आने की उम्मीद है. एजेंटों के माध्यम से लाखों रुपये खर्च कर विदेश जाने की व्यवस्था को सरकार धीरे-धीरे समाप्त कर रही है."
विपक्ष पर तीखा हमला : जजपा नेता अजय चौटाला के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने कहा कि, "ऐसे लोगों का लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास नहीं है. जब वे सत्ता में थे, तब भी इसी तरह की कार्यशैली रही. जनता ने उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से रास्ता दिखा दिया और आगे भी ऐसे लोगों को स्वीकार नहीं करेगी."
अवैध कॉलोनियों पर सख्त रुख :अवैध कॉलोनियों के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, "विकास के नाम पर अवैध कॉलोनियां काटना गलत है. कांग्रेस शासन के दौरान सबसे ज्यादा अवैध कॉलोनियां कटीं, जबकि वर्तमान सरकार इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है."
इंदौर की घटना पर संवेदना : इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. इसमें स्थानीय निकायों और राज्य सरकार को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
धान घोटाले और ईवीएम पर बोले खट्टर : धान घोटाले पर खट्टर ने कहा कि, "इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है." वहीं ईवीएम को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कहा कि, "कर्नाटक सरकार के सर्वे में 91 प्रतिशत लोगों ने ईवीएम को सही माना है.वोट चोरी का शोर वही लोग मचाते हैं, जिनके आधार वोटर ही घुसपैठिए होते हैं."
अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल सेतु : केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, "पुराने शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए 128 करोड़ रुपये की लागत से टी-फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है. इस फ्लाईओवर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ‘अटल सेतु’ रखा जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद करनालवासियों को यातायात से बड़ी राहत मिलेगी."
ये भी पढ़ें:सरकारी नौकरी! हरियाणा के युवाओं के लिए सरकार देगी नए साल का तोहफा, 30 हजार से अधिक पदों पर होंगी भर्तियां

