AI समिट में प्रदर्शन कांग्रेस की साजिश, कानूनी प्रक्रिया सबके लिए समान: किरण रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब दिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 2:47 PM IST
कांगड़ा: केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू शनिवार सुबह कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे चंबा प्रवास के लिए रवाना हुए. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने एआई समिट में प्रदर्शन करने को लेकर कांग्रेस को घेरा. साथ ही शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल को कोर्ट द्वारा बरी किए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी.
'AI समिट में प्रदर्शन कांग्रेस का षड्यंत्र'
एआई समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, 'यह कांग्रेस द्वारा किया गया एक षड्यंत्र था और मामले में पुलिस अपना कार्य कर रही है'.
हिमाचल-दिल्ली पुलिस विवाद पर क्या बोले रिजिजू?
हाल ही में हुए हिमाचल और दिल्ली पुलिस विवाद पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस विषय में विस्तृत जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.
केजरीवाल-सिसोदिया पर कोर्ट की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया पर हाल ही में कोर्ट की टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि यह न्यायालय का निर्णय है, जिस पर वे कुछ नहीं कहना चाहेंगे. कानूनी प्रक्रिया के तहत यदि किसी अदालत के फैसले पर आपत्ति है तो उसे उच्च न्यायालय या अन्य बेंच में चुनौती दी जा सकती है.
भाजपा और प्रधानमंत्री के खिलाफ लंबे समय से बयानबाजी की जा रही है, लेकिन बार-बार एक ही तरह के आरोपों का कोई विशेष महत्व नहीं रह जाता. असदुद्दीन ओवैसी द्वारा प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि वे अक्सर प्रधानमंत्री पर गलत बयान देते रहते हैं और देशहित की बात कम करते हैं. कई बार ज्यादा बोलना भी ठीक नहीं होता.
उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय द्वारा पहले लाहौल-स्पीति में कई नए प्रोजेक्ट दिए जा चुके हैं और अब चंबा के दूरदराज क्षेत्रों में स्वीकृत योजनाओं को क्रियान्वित रूप से प्रारंभ किया जाएगा. जिन कार्यों के लिए राशि जारी की जा चुकी है, उन्हें धरातल पर उतारने के उद्देश्य से वे स्वयं चंबा पहुंचे हैं. संसद सत्र शुरू होने से पहले इन योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की जाएगी.
वहीं, अपने चंबा दौरे को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है, उन्हें अब जमीनी स्तर पर शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से वे यहां पहुंचे हैं.
ये भी पढ़ें: बंबर ठाकुर फायरिंग केस: मुख्य शूटर को एक साल बाद हिमाचल लाई पुलिस, कोर्ट में किया पेश

