ETV Bharat / state

'मनरेगा के नाम पर राजनीति कर रही है कांग्रेस', चिराग पासवान ने G RAM G को बताया सही फैसला

चिराग पासवान ने 'जी आर जी' को सही फैसला बताया. उन्होंने कहा कि मनरेगा के नाम को मुद्दा बनाकर कांग्रेस राजनीति कर रही है. पढ़ें..

Chirag Paswan
चिराग पासवान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 11, 2026 at 6:35 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: एलजेपीआर चीफ और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कई मुद्दों को लेकर विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीते कई वर्षों से विपक्ष के नेता झूठ बोलकर और लोगों को डराकर राजनीति कर रहे हैं. सरकार जब भी कोई नया विषय या कानून लेकर आती है तो विपक्ष जनता के बीच डर और भय का माहौल बनाने की कोशिश करता है. पहले सीएए, फिर एसआईआर और अब 'जी राम जी' पर बेवजह की राजनीति हो रही है.

विपक्ष पर चिराग का हमला: चिराग पासवान ने मुख्य मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने CAA और NRC जैसे कानूनों का विरोध किया और नागरिकता देने वाले कानून को देश विरोधी बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में गलत माहौल बनाया और बांग्लादेश जैसे मुद्दों को भी तोड़-मरोड़ कर पेश किया. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि SIR की प्रक्रिया समय-समय पर हर राज्य में होती है और एक सामान्य रिव्यू सिस्टम का हिस्सा है लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने इसे वोट चोरी से जोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम किया.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (ETV Bharat)

जी राम जी योजना पर क्या बोले?: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मनरेगा का नाम बदले जाने के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आम जनता से मिट्टी खुदवाने का काम कराया जाता था और बिना काम के सिर्फ हस्ताक्षर के जरिए पैसे की लूट होती थी. इस व्यवस्था से जुड़े लोगों ने बड़े-बड़े घर बना लिए और यह योजना कांग्रेस के भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी. जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर चोट की और योजना में बदलाव किया तो कांग्रेस ने इसका भी विरोध शुरू कर दिया.

चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस ने यह कहकर भ्रम फैलाया कि गांधी जी का नाम हटाया गया है, जबकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. पहले भी कई योजनाओं के नाम बदले गए हैं. किसी ने बापू के नाम को खराब नहीं किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच राम मंदिर जैसे मुद्दों पर भी पहले से ही स्पष्ट रही है.

Chirag Paswan
प्रेस वार्ता के दौरान चिराग पासवान (ETV Bharat)

केंद्र सरकार का सही फैसला: चिराग पासवान ने कहा कि अब मनरेगा के तहत 100 से ज्यादा, करीब 125 दिन तक रोजगार मिलेगा. विपक्ष इसे राज्यों पर बोझ बता रहा है लेकिन यह बोझ नहीं बल्कि केंद्र और राज्य के बीच कलेक्टिव रिस्पॉन्स की बात है. अब दोनों मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे. चिराग पासवान ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत सिर्फ मिट्टी खोदने का काम कराया जाता था लेकिन अब इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों में गरीब मजदूरों को लगाया जाएगा.

"प्रधानमंत्री मोदी के फैसले को सही बताते हुए कहा कि भ्रम फैलाना गलत है और यह प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार है. अगर कांग्रेस के पास कोई बेहतर सुझाव है तो सरकार उस पर भी विचार करेगी लेकिन विपक्ष राजनीति चमकाने के लिए लोगों के बीच भ्रम फैला रहा है."- चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री

Chirag Paswan
एलजेपीआर नेताओं के साथ चिराग पासवान (ETV Bharat)

बंगाल में लड़ेंगे चुनाव?: पत्रकारों से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा को बंगाल का प्रभारी बनाया गया है, ताकि वहां की राजनीतिक स्थिति का आकलन किया जा सके. इसके बाद तय करेंगे कि लोजपा (रामविलास) बंगाल में चुनाव लड़ेगी या नहीं? केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आने वाले महीनों में पश्चिम बंगाल में एनडीए की सरकार बनेगी. तमिलनाडु और असम में भी एनडीए की सरकार बनेगी.

बिहार में पार्टी संगठन में बदलाव: बिहार में संगठन को और मजबूत करने को लेकर पार्टी के संगठन में व्यापक फेर बदल किया जाएगा. चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है. इस महीने के अंत तक संगठन में बड़े बदलाव किए जाएंगे. पार्टी नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.

ये भी पढ़ें:

'भगवान राम के नाम पर विपक्ष को मिर्ची लगती है..' NDA ने गिनाए G RAM G बिल के फायदे

'राम का नाम जुड़ते ही कांग्रेस को होने लगती है परेशानी' G RAM G के विरोध पर बिहार पर्यटन मंत्री का निशाना

मनरेगा का नाम बदलने से गुस्से में कांग्रेस, बिहार में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान