अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति सम्मलेन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कहा- कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जाएंगे हॉस्टल
धनबाद में अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति दिवस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुईं.

Published : December 30, 2025 at 9:07 PM IST
धनबाद: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी मंगलवार को धनबाद के जगजीवन नगर मैदान में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. संबोधन के दौरान उन्होंने अटल बिहारी बाजपेई की जीवन और उनके सिद्धांतों को लेकर बात कही. इस दौरान उन्होंने कहा कि पक्ष हो या विपक्ष हर कोई अटल बिहारी वाजपेयी को याद करता है. उनका व्यक्तित्व ऐसी त्रिवेणी थी, जिसमें राजनीतिक ईमानदारी, साहित्य की संवेदनशीलता और राष्ट्रवाद की भावना का अद्भुत संगम दिखाई देता है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, राष्ट्रसेवा तथा सुशासन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की उद्देश्य से यह सम्मलेन पूरे देश में आयोजित हो रहा है. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड अलग प्रदेश अटल बिहारी वाजपेयी की देन है. उन्होंने भाजपा का नेतृत्व किया और यह पार्टी एक वट वृक्ष की तरह आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. उन्होंने कहा कि आज उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं.
विभिन्न प्रदेशों में बनेगी वूमेंस हॉस्टल: केंद्रीय मंत्री
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मिडिया से बातचीत में बताया कि केंद्र सरकार महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य कर रही है. मुद्रा योजना से जोड़कर महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण किया जा रहा है. कामकाजी महिलाओं के लिए केंद्र सरकार ने 5 हजार करोड़ के बजट से झारखंड समेत विभिन्न प्रदेशों में वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने का निर्णय लिया है और इसमें कार्य हो भी रही है.

केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर योजना शुरू की: मंत्री
मंत्री ने कहा कि झारखंड में भी ऐसे 7 हॉस्टल स्वीकृत किये गए हैं. जिसका लक्ष्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना है. इसके अलावे केंद्र सरकार महिलाओं के लिए वन-स्टॉप सेंटर की योजना शुरू की है, जिसका उद्देश्य वैसी महिला जो घरेलू हिंसा, गलत व्यवहार, पारिवारिक झगड़े, शोषण और कानूनी मुश्किलों जैसे मामलों में परेशान हैं. इस सेंटर में रहकर अपने परेशानियों का निवारण कर पाएंगी.
ये भी पढ़ें: बिहार जीत पर बोलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा, कहा-जातीय बंधन तोड़ मतदाताओं ने मोदी-नीतीश का किया समर्थन

