ETV Bharat / state

अमित शाह बोले- पूर्व कांग्रेस सरकार की पेपर लीक परंपरा को भजनलाल सरकार ने किया खत्म

सीएम भजनलाल शर्मा ने साइबर क्राइम की चुनौती को देखते हुए I4C की तर्ज पर R4C के गठन का एलान किया.

Amit Shah presenting appointment letter
नियुक्ति पत्र देते गृहमंत्री अमित शाह (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 10, 2026 at 5:40 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में पेपर लीक की परंपरा थी. जिसे भजनलाल शर्मा की मजबूत इरादों वाली सरकार ने खत्म किया है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में दो साल में हर तरह के अपराध में कमी आई है. कानून-व्यवस्था और शांति के कारण प्रदेश का विकास होता है. आज निवेशक राजस्थान का रुख कर रहे हैं. वे आज शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में आरक्षक नव नियुक्ति समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने राजस्थान पुलिस में शामिल 9 हजार कांस्टबलों को नियुक्ति पत्र भी दिए. अमित शाह ने कहा, राजस्थान की सुरक्षा के लिए आज का यह कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है. इससे पहले उन्होंने 'राम राम' कहकर मंच से लोगों का अभिवादन किया. इस मौके पर रतनगढ़ (चूरू) थाना को राजस्थान का श्रेष्ठ थाना और देश में दसवां स्थान मिला है. अमित शाह ने आरपीए में एक इंडोर स्टेडियम का भी शिलान्यास किया.

'प्रतिभाएं आगे बढ़ेंगी तभी प्रदेश आगे बढ़ेगा': अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, आज राजस्थान पुलिस के लिए भी अहम दिन है. आज 9 हजार युवा पुलिस बल ज्वाइन करेंगे और जनता की सुरक्षा कर सुरक्षित राजस्थान का सपना साकार करेंगे. उनकी नियुक्ति से परिजनों को नई उम्मीद मिली है. आज जिन्हें नियुक्ति मिली उनमें 2500 से ज्यादा महिला कांस्टेबल हैं. युवाओं को अपने दम पर बिना सिफारिश नौकरी मिली है. यह पारदर्शिता और भ्रष्टाचार का उन्मूलन का संकेत है व योग्यता का सम्मान है. प्रदेश तभी आगे बढ़ेगा, जब प्रतिभाएं आगे बढ़ेंगी.

क्या बोले अमित शाह और सीएम भजनलाल, देखें वीडियो (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: अमित शाह ने किया दावा- एक साल में भारत तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा, आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी अपनाना होगा

पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना: उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस सरकार का पेपर लीक का सिलसिला भजनलाल सरकार ने खत्म किया है. राजस्थान पुलिस देश की सबसे अग्रणी और सक्षम पुलिस बल में एक है. राजस्थान के गठन के बाद राजस्थान पुलिस का गठन हुआ. यहां लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है. चम्बल के बीहड़ और थार का मरूस्थल है. कई विश्व प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र हैं. ऐतिहासिक दुर्ग और किले हैं. प्राकृतिक स्थल भी हैं. इससे पुलिस की चुनौती बढ़ जाती है.

पढ़ें: अशोक गहलोत ने अमित शाह पर साधा निशाना, कहा-कन्हैयालाल के परिवार को कब मिलेगा इंसाफ?

'दो साल में कम हुई अपराध की दर': उन्होंने कहा, राजस्थान में दो साल में अपराध में 14 फीसदी की कमी आई है. गंभीर प्रकृति के अपराध में 19 फीसदी की कमी आई है. महिलाओं, कमजोर वर्ग पर अत्याचार में की घटनाओं में भी कमी दर्ज की गई है. लूट में 51 फीसदी की कमी आई है. यह कमिटमेंट वाली सरकार है. जिसका उद्देश्य पारदर्शी तरीके से सरकार चलाना है. इस सरकार ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया. एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया है. साइबर अपराध के मामलों पर लगाम लगाने के लिए आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर (R4C) के गठन की भी घोषणा की है. नई भर्ती से पुलिस और ताकतवर होगी.

पढ़ें: राजस्थान दौरे पर अमित शाह, जोधपुर में BSF कैंप जाएंगे, जयपुर में पुलिस कर्मियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

'पुराने कानून अंग्रेजों का खजाना भरने वाले': वे बोले, पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अंग्रेजों के कानून खत्म कर बीएनएस को इंट्रोड्यूस किया है. पहले अंग्रेजों के तीन कानूनों का उद्देश्य अंग्रेज सरकार का खजाना भरना था. अब नए कानून नया अनुभव देंगे. जिनमें तकनीक को अलग स्थान दिया गया है. पुलिस, एफएसएल, कोर्ट, प्रॉसिक्यूशन और जेल को एक साथ जोड़ा गया है. महिलाओं, बच्चों के लिए अलग चैप्टर बनाकर नया अध्याय लिखा है. आतंकवाद और संगठित अपराध को नए सिरे से परिभाषित किया है. राजस्थान पुलिस का सजा करवाने की दर 41 से बढ़कर 60 फीसदी हो गई है. उन्होंने कहा, जल्द ही यह 85 फीसदी होगी.

I4C की तर्ज पर राजस्थान में बनेगा R4C: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, यह आजादी के बाद आज देश का अभूतपूर्व कालखंड है. देश कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है. जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है. पीएम मोदी की प्रेरणा से अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म किया है. औपनिवेशिक मानसिकता वाले पुराने कानूनों को खत्म किया. पीएम मोदी की प्रेरणा से अमित शाह ने पूर्वोत्तर के राज्यों में शांति के लिए कई अहम समझौते किए हैं. उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीकी बदलाव का है. नव आरक्षी अपने आप को अपडेट रखें. साइबर क्राइम की चुनौती को देखते हुए I4C की तर्ज पर राजस्थान साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर (R4C) के गठन का भी उन्होंने एलान किया. उन्होंने कहा कि दो साल में पेपर लीक में शामिल 400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में पुलिस का योगदान: इससे पहले राजस्थान पुलिस के मुखिया डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आरक्षक नव नियुक्ति समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी से नव नियुक्त आरक्षियों का हौसला बढ़ेगा. दस हजार में से 9 हजार कांस्टबलों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जिन्हें आज नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नए कांस्टबलों की भर्ती से अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में अहम मदद मिलेगी और विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने में पुलिस की अहम भूमिका होगी. उन्होंने बताया कि पिछले साल 10 हजार कांस्टबलों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी.

इससे पहले राजस्थान पुलिस के बेड़े में शामिल 9 हजार कांस्टबलों को आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नियुक्ति पत्र दिए. राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, एसीएस गृह भास्कर ए सावंत और राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्जारी भी मौजूद रहे.

कांस्टेबल भर्ती 2025:

  • साल 2025 में कांस्टेबल के 10 हजार पदों पर शुरू की गई थी नियुक्ति प्रक्रिया
  • कांस्टेबल भर्ती के लिए 13 और 14 सितंबर, 2025 को आयोजित की गई लिखित परीक्षा
  • इस परीक्षा के लिए कुल 5 लाख 24 हजार 740 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था.
  • जिनमें से 3 लाख 76 हजार 902 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.
  • दो दिनों में करीब 72 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने इसमें हिस्सा लिया.
  • पुलिस कांस्टेबल (सामान्य, चालक, दूरसंचार और बैंड) के पदों पर की गई भर्ती.
  • शारीरिक दक्षता और दस्तावेज सत्यापन के बाद जिला-विभागवार दी जा रही है नियुक्ति.
  • इन्हीं नव नियुक्त कांस्टबलों को आज दिए गए हैं नियुक्ति पत्र.