बोकारो में ऑटो चालकों का होगा अलग-अलग यूनिफॉर्म, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
बोकारो में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विभाग की तरफ से क्षेत्रवार यूनिफॉर्म दिया जाएगा.

Published : July 7, 2026 at 1:00 PM IST
बोकारो: जिले में अब ऑटो चालकों की पहचान उनकी यूनिफॉर्म से होगी. शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग ने सभी ऑटो चालक संगठनों के साथ अहम बैठक की. बैठक में ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने साफ कहा कि सड़क पर जहां-तहां ऑटो खड़ा करना, यात्रियों के लिए खींचतान करना और नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
डीएसपी ने सभी संगठनों को अपने-अपने क्षेत्र के ऑटो चालकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. इसके बाद विभाग की तरफ से क्षेत्रवार अलग-अलग यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी. जिससे चालक की पहचान आसानी से हो सके. डीएसपी ने कहा कि प्रत्येक ऑटो चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है. जिनके पास लाइसेंस नहीं है, वे तुरंत आवेदन कर इसे बनवाएं.
ट्रैफिक डीएसपी के सामने चालकों ने रखी मांग
बैठक में ऑटो चालकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं. ऑटो चालकों ने बताया कि परमिट और फिटनेस के लिए रांची जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है. साथ ही परमिट व फिटनेस से जुड़े जुर्माने की ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई.
डीएसपी ने समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
इस पर डीएसपी ने आश्वासन दिया कि पहले सभी ऑटो चालक संगठनों की सूची तैयार की जाएगी, फिर विशेष शिविर लगाकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यवस्था सुधारना और आम जनता को सुरक्षित व बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.
ये भी पढ़ें: ऑटो-टोटो चालकों को निगम चुनाव से है उम्मीद, शहर में हो पार्किंग की व्यवस्था
पलामू में ऑटो यूनियन की हड़ताल का असर, यात्री हुए परेशान
रांची में 23 हजार से अधिक ऑटो, ई-रिक्शा, सिर्फ तीन अधिकृत स्टैंड, सड़क किनारे पार्किंग से हर दिन जाम

