सिरोही: अज्ञात युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंका
स्वरूपगंज थानाधिकारी ने बताया कि मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है.

Published : August 28, 2026 at 8:18 PM IST
सिरोही: जिले के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के कासिंद्रा के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना पर स्वरूपगंज पुलिस मौके पर पहुंची. पिण्डवाड़ा सीओ राहुल कुमार और स्वरूपगंज थानाधिकारी कमलेश गहलोत ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.
स्वरूपगंज थानाधिकारी कमलेश गहलोत ने बताया कि कासिंद्रा के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो शव की स्थिति संदिग्ध मिली. मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए, जिसके चलते प्रथम दृष्टया युवक के साथ मारपीट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
पढ़ें: जंगल में मिला युवक का शव, धारदार हथियार से हमले के निशान, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया. दोनों टीमों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है. स्वरूपगंज थानाधिकारी ने बताया कि मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और संभावित स्तर पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

