सरायकेला में गड्ढे से बरामद हुई अज्ञात लाश, अधजले आधार कार्ड से खुलेगा राज
सरायकेला में एक अज्ञात शव बरामद हुआ है. मौके से पुलिस को कई साक्ष्य भी मिले हैं.

Published : December 25, 2025 at 3:24 PM IST
सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. शिवनारायणपुर जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. यह मामला तब सामने आया जब जंगल की ओर गए कुछ स्थानीय लोगों ने गड्ढे से मृतक के पैर बाहर निकले हुए देखे.
खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. जहां ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल शव को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला है. थाना प्रभारी ने बताया कि शव पूरी तरह मिट्टी में दफन है, जिसे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही बाहर निकाला जाएगा. इसके लिए जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की मांग की गई है.
घटनास्थल पर मिले संदिग्ध साक्ष्य
पुलिस को तलाशी के दौरान तालाब की ओर जाने वाले रास्ते पर खून के धब्बे, एक टोपी और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं. मौके से एक अधजला आधार कार्ड और एक बैंक पासबुक भी मिला है. आधार कार्ड पर पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो का पता अंकित है. जबकि बैंक खाते में जमशेदपुर के कदमा का पता दर्ज है. साक्ष्यों के जलने से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या के बाद पहचान मिटाने की कोशिश की गई है. फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त और मामले को सुलझाने में जुटी है.

ये भी पढ़ें: सरायकेला में अपराधी विजय तिर्की की सरेआम हत्या, सिर में मारी गोली
स्कूटी में मारी टक्कर फिर चलती ट्रेलर को छोड़ फरार हो गया चालक, चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत
मजदूर दंपती ने कंपनी परिसर में की आत्महत्या, वजह का पता लगा रही पुलिस

