भतीजा निशांत को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं चाचा सतीश कुमार, राजनीति में इंट्री से खुश
नालंदा में निशांत कुमार के चाचा सतीश कुमार ने निशांत को भविष्य का मुख्यमंत्री बताया, वहीं नीतीश कुमार पत्नी की पुण्यतिथि पर कल्याम बिगहा पहुंचे.

Published : May 14, 2026 at 2:20 PM IST
नालंदा : बिहार की राजनीति में एक बार फिर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री पद दिलाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है. नालंदा के कल्याण बिगहा गांव में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पत्नी मंजू देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर उनके चाचा सतीश कुमार ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने खुलकर इच्छा जताई कि भविष्य में निशांत कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनें.
निशांत का भविष्य उज्जवल : पत्रकारों से बातचीत करते हुए सतीश कुमार ने कहा कि निशांत कुमार का राजनीतिक भविष्य काफी उज्ज्वल है और उन्होंने पहले ही इसकी भविष्यवाणी की थी. अब मंत्री बनने के बाद उनकी भूमिका और मजबूत हुई है. सतीश कुमार ने कहा कि परिवार ही नहीं, समर्थकों की भी यही इच्छा है कि निशांत आगे बढ़ें.
"उसको राजनीति में आना था, आ गया तो ठीक किया है. वह सीएम बनेंगे कि क्या यह बिहार की जनता तय करेगी, हम उसे बहुतकुछ देखना चाहते हैं."- सतीश कुमार, चाचा, निशांत कुमार
कल्याण बिगहा गांव में मां की पूण्यतिथि : इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ कल्याण बिगहा गांव पहुंचे थे. गांव पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की और पत्नी मंजू देवी की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की.
नीतीश और निशांत ने दी श्रद्धांजलि : स्मृति वाटिका में नम आंखों से पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण करते हुए नीतीश कुमार भावुक नजर आए. इसके बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की. बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे.

नीतीश ने सुनीं जनसमस्याएं : कार्यकर्ताओं ने इस दौरान क्षेत्र की समस्याएं और शिकायतें उनके सामने रखीं. नीतीश कुमार ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और जिलाधिकारी कुंदन कुमार को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया. इससे कार्यकर्ताओं में संतोष का माहौल दिखा.
जेडीयू के मंत्री और सांसद भी थे मौजूद : कार्यक्रम में ग्रामीण विकास सह सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई नेता और समर्थक भी मौजूद रहे. सभी ने मंजू देवी को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

चर्चा में स्वास्थ्य मंत्री निशांत : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तालाब में मछलियों को मुढ़ी खिलाते नजर आए. यह दृश्य ग्रामीणों के बीच खास चर्चा का विषय बना रहा. हालांकि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पत्रकारों से बचते नजर आए. उन्होंने मीडिया से दूरी बनाकर अपने विधायक और कार्यकर्ताओं से बातचीत की और बाद में ननिहाल की ओर रवाना हो गए.
ये भी पढ़ें-

