ETV Bharat / state

सिर कलम करने से पहले पत्नी से करायी बात.. सगा मामा देता रहा चकमा, बिहार के अभिषेक का दर्दनाक अंत

ऑटो में गोली मारी, फिर जंगल में ले जाकर सिर धड़ से अलग किया. बिहार में मामा ने भांजे को भयानक मौत दी. पढ़ें खबर

nephew killer uncle in bhagalpur
सगा मामा निकला कातिल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 29, 2025 at 5:13 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

भागलपुर: 24 दिसंबर से लापता युवक की गुत्थी आखिरकार भागलपुर पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस को युवक का सिर और पैर कटा शव मिला था. पुलिसिया जांच में युवक का सगा मामा संतोष कुमार ही हत्या का मास्टरमाइंड निकला है.

सगा मामा निकला कातिल: भागलपुर के सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कहलगांव के मकसपुर का निवासी अभिषेक नाथनगर थाना क्षेत्र के मसकन बरारी स्थित अपनी नानी के घर में रह रहा था. 24 दिसंबर को मौखिक सूचना दी गई कि अभिषेक कुमार लापता है. 26 दिसंबर को मामा ने भांजे की गुमशुदगी को लेकर आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करवायी थी.

"हमने तकनीकी रूप से अभिषेक के लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की. कुछ जानकारियां मिली और उसे फॉलो किया तो दो लोगों की गिरफ्तारी की गई. आयुष और राधे कुमार मंडल से युवक की बातचीत होती थी. इन दोनों से कड़ी पूछताछ करने पर दोनों ने गुनाह कबूल करते हुए बताया कि पैर में गोली मारकर उसे (अभिषेक) पोखर में डाल दिया है. पोखर से शव निकाला तो देखा कि सिर धड़ से अलग था और दोनों पैर काटे हुए थे."- शुभांक मिश्रा,सिटी एसपी, भागलपुर

भांजे की हत्या के लिए दो लाख की सुपारी: मामा संतोष कुमार अब पुलिस के गिरफ्त में है. पुलिस सूत्रों की मानें तो लव ट्रायंगल में मामा ने भांजे की हत्या कराई है.अभिषेक के मामा संतोष कुमार ने दो लाख देकर तीन बदमाशों से भांजे की हत्या करायी है.

सिर धड़ से किया अलग.. दोनों पैर भी काटे: बदमाशों ने संतोष के दिये पैसे से अभिषेक की हत्या के लिए कट्टा व आरी खरीदी थी, जिससे अभिषेक का सिर और दोनों पैर काटकर अलग-अलग कर दिया था. धड़ को अभिषेक के जैकेट में पैक कर बोरे में भर कर फेंक दिया. जबकि सिर और पैर उस इलाके के एक तालाब में फेंक दिया था.

शुरुआत में झूठ बोल रहे थे आरोपी: पुलिस ने दो दिन पहले ही मिर्जापुर के रहनेवाले तीन आरोपितों राधे, ऋतिक व आयुष को गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस को तीनों बदमाश झूठ बोल रहे थे कि सिर-पैर गंगा में फेंका है. सख्ती से पूछताछ करने पर कबूल किया और उसकी निशानदेही पर तालाब से सिर-पैर बरामद किया गया.

मृतक का कड़ा और ब्लूटूथ मिला: इससे पहले पुलिस ने कट्टा, अभिषेक का कड़ा व ब्लुटूथ बदमाशों के घर से बरामद किया था. साथ ही जिस ऑटो में उसे गोली मारी गई थी, उसे भी जब्त किया गया था. ऑटो में खून के छींटे भी थे. हत्या के तीनों अपराधी मामा संतोष के लगातार संपर्क में थे.

शव की तलाश में पुलिस के साथ जा रहा था मामा: अपराधी लगातार मामा से वाट्सएप पर बातचीत कर रह थे और कहने के मुताबिक ही मैसेज को डिलीट कर दे रहे थे. मामा इतना शातिर था कि हत्या करवाने के बाद अभिषेक के सिर-पैर खोजने के लिए पुलिस के साथ साथ जा रहा था, जिससे शंका न हो कि वह इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड है.

एक ही लड़की से मामा-भांजा दोनों करते थे प्यार: सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने घटना के पीछे प्रेम संबंध का मामला बताते हुए कहा कि हत्या का मास्टरमाइंड अभिषेक का सगा मामा है. बताया कि पुलिस ने दो दिन पहले ही मिर्जापुर के रहनेवाले तीन आरोपितों राधे, ऋतिक व आयुष को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में मामला सामने आया कि एक लड़की से मामा संतोष व भांजा अभिषेक दोनों प्यार करते थे.

मामी को सच्चाई बताने की देता था धमकी: इस बात से मामा काफी आक्रोशित थे. अभिषेक मामा को लड़की वाली बात मामी को बता देने कि धमकी देता था और ब्लैकमेल करता था. कुछ दिन बाद मामा को पता चला कि उसकी प्रेमिका को भांजे ने फंसा लिया है तो अभिषेक को ठिकाने लगाने के लिए मामा संतोष ने साजिश रचा और पूर्व से परिचित तीन लड़के आयुष, ऋतिक व राधे को हत्या के लिए तैयार किया.

मारने से पहले पैसे कराए ट्रांसफर: फिर हत्या का प्लान बनाया गया और अभिषेक की हत्या कर दी गई. मामा के प्लान के मुताबिक आरोपितों ने सबसे पहले अभिषेक को किसी बात में उलझा कर बहलाया और फिर ऑटो में ले गये. उसे ऑटो में ही पैर में गोली मारी गई. आरोपितों को लगा कि अभिषेक को अब इस दुनिया से विदा करना ही है, इसलिए उसे गन प्वाइंट पर रखकर उसके अकाउंट से अपने अकाउंट में पैसे भी ट्रांसफर कराया.

हत्या से पहले पत्नी ने भी की थी बात: इसी दौरान अभिषेक को उसकी पत्नी का फोन आया, तो हथियार का भय दिखाकर पत्नी से भी बात करायी. फिर उसे रन्नूचक इलाके में एक सुनसान मकान में गला दबाकर मार डाला. सिटी एसपी ने बताया कि जिन तीनों बदमाशों ने हत्या की है, उनमें से एक का आपराधिक इतिहास रहा है. ये लोग नशेबाजी भी करते रहे हैं.

आंखों में धूल झोंक रहा था मामा: बता दें कि पुलिस को शक ना हो इसलिए थाने पहुंच मामा ने भांजे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी. फिर खोजबीन में भी पुलिस के साथ रहा. यही नहीं सारे परिजनों को अभिषेक के गुम होने की जानकारी भी दी. इसके अलावा सबके साथ मिलकर उसकी खोजबीन भी शुरू की. शनिवार को पुलिस के साथ सिर और पैर की खोजबीन में भी साथ रहा.

कई मामलों से नाराज था मामा: इतना वीभत्स तरीके से हत्या कराने के बाद भी मामा के न आंख में आंसू थे और न चेहरे पर सिकन. वो सामान्य तरीके से घूम-फिर रहा था. पुलिस ने जब इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाना शुरू किया तो कलई खुल गयी और मामा का असली चेहरा सामने आ गया. बताया जा रहा है कि मामा संतोष अपने भांजे अभिषेक से कई कारणों से नाराज था. एक तो प्रेमिका को फंसाकर मामा को ही ब्लैकमेल कर रहा था. ऊपर से अवैध धंधे में पैसे की हेराफेरी भी चल रही थी.

पैसों की हेराफेरी का भी मामला: सूत्रों के मुताबिक मामा ऑनलाइन ठगी और महिलाओं को रखकर ऑनलाइन कॉलिंग कराकर पुरुषों से अश्लील बात कराने का धंधा चलाता था. बाद में भांजा भी मामा की बिना सहमति के इस धंधे में कूद गया. दोनों में धंधे को लेकर भीतर ही भीतर कंपटीशन था और ऊपर से मामा जो भी पैसा भांजे को रखने देता, उसमें वह हेराफेरी कर रहा था.

ये भी पढ़ें

प्यार में झगड़ा ! गर्लफ्रेंड पर धारदार हथियार से हमला, तमिलियन हमलावर गिरफ्तार

7 साल पहले हो गयी थी हत्या! अब जिंदा लौटी दुल्हन, जानें पूरा मामला

बिहार में महिला वार्ड सदस्य की गला काट कर हत्या, पति को भी उतारा मौत के घाट

बिहार में सड़क पर हत्या, साइड देने को लेकर फॉर्च्यूनर और डस्टर कार चालक में चाकूबाजी