ETV Bharat / state

रामनगर में डंपर में पेट्रोमैक्स जलाकर हाथ सेकना पड़ा भारी, चाचा-भतीजे की दम घुटने से मौत

रामनगर में डंपर वाहन के अंदर पेट्रोमैक्स पर हाथ सेंकने के दौरान बेहोश हुए चाचा-भतीजे, दम घुटने से दोनों की गई जान

UNCLE NEPHEW DIED BY SUFFOCATION
रामनगर अस्पताल के बाहर एंबुलेंस (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 11, 2026 at 7:20 PM IST

|

Updated : January 11, 2026 at 7:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में ठंड से बचने के लिए डंपर वाहन के अंदर पेट्रोमैक्स जलाकर सोए चाचा-भतीजे की दम घुटने से मौत हो गई. दोनों की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं, रामनगर पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रहने वाले चाचा-भतीजे मोहम्मद इरफान और मोहम्मद इकरार डंपर वाहन के चालक थे. दोनों शनिवार यानी 10 जनवरी को संभल से रामनगर के ग्राम पीरुमदारा स्थित एक स्टोन क्रशर में उपखनिज सामग्री लेने के लिए आए. रविवार यानी 11 जनवरी के तड़के करीब 5 बजे दोनों ने 18 टायरा डंपर में क्रशर से उपखनिज सामग्री लोड की और वाहन को बाहर खड़ा कर दिया.

शीशे बंद कर जलाए पेट्रोमैक्स: सुबह के समय कड़ाके की ठंड होने के कारण दोनों डंपर के केबिन के अंदर ही बैठ गए. इस दौरान ठंड से बचाव के लिए उन्होंने पेट्रोमैक्स जलाया और वाहन के शीशे बंद कर लिए. ऐसे में पेट्रोमैक्स से निकलने वाली गैस के कारण दोनों बेहोश हो गए और उन्हें इसका कोई अंदाजा नहीं लग पाया.

uncle and nephew died of suffocation
चाचा-भतीजे के परिजन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

दोपहर के समय जब साथ में मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को आवाज दी तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. शक होने पर डंपर के शीशे तोड़ा गया तो अंदर दोनों बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे. आनन-फानन में मोहम्मद इरफान और मोहम्मद इकरार को बाहर निकालकर रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

"प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत दम घुटने से हुई है, ऐसा प्रतीत हो रहा है. दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. अब आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है."- कृतिका, डॉक्टर, रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. रामनगर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह की पुष्टि हो सकेगी.

मृतक के भाई कासिम ने बताया कि दोनों मेहनत और मजदूरी कर अपना परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है. फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-

Last Updated : January 11, 2026 at 7:58 PM IST