96 घंटे में सुलझी स्नेचिंग की गुत्थी, बाहरी राज्य में छिपा था आरोपी, नशे की लत ने बनाया लुटेरा
ऊना पुलिस ने हरोली में हुई स्नेचिंग की वारदात को सुलझा लिया है. इस मामले में एक आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 7:42 PM IST
ऊना: हरोली उपमंडल के साऊवाल में 15 फरवरी को हुई स्नेचिंग की वारदात को हरोली पुलिस ने 96 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और कुछ दिन पूर्व पोलियां स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भी उपचार करवा चुका है. पुलिस के अनुसार नशे की लत के चलते ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 15 फरवरी को बीटन निवासी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वो अपनी जेठानी के साथ सुबह करीब 11 बजे साऊवाल में बस का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवारों ने पहले बालियां छीनने का प्रयास किया. प्रयास विफल रहने पर स्नेचर्स ने मेरे हाथ में पकड़ा पर्स छीन लिया और पंजाब की ओर फरार हो गए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस थाना हरोली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. एएसआई दीपक कुमार को इस मामले की जांच सौंपी गई थी.
पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ के दिशा-निर्देशों और उप पुलिस अधीक्षक मोहन रावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने लगातार तीन दिन तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. थाना हरोली के प्रभारी सुनील कुमार संख्यान के नेतृत्व में गठित टीम ने पंजाब में स्थित गढ़शंकर क्षेत्र के गांव टूटो माजरा में दबिश देकर आरोपी वरिंदर सिंह (26) को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से एक छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरा मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी शेष है.अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा और फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.
बता दें कि इस वारदात के बाद लोग काफी सहमे हुए थे और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे. लोगों को डर है कि नशेड़ी किसी और के साथ भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकते हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी.
ये भी पढ़ें: पक्काभरो के पास कंटेनर में भीषण आग, आर्मी जवान का सामान और बाइक जलकर राख

