ETV Bharat / state

पंचायत चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक-पूर्व विधायक आमने सामने, जारी कर दी जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची

ऊना-कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों का एलान कर दिया है. इस मौके पर कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ऊना और कुटलैहड़ में  कांग्रेस ने जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची जारी की
ऊना और कुटलैहड़ में कांग्रेस ने जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची जारी की (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 6, 2026 at 7:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ऊना: पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है. जिला परिषद वार्डों के लिए अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने ये दावा किया था कि पार्टी किसी भी उम्मीदवार को अधिकृत रूप से मैदान में नहीं उतारेगी. इसके बावजूद ऊना और कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस ने अलग रुख अपनाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों से पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं.

इस घटनाक्रम ने संगठनात्मक एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह संकेत दिया है कि चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद गहराते जा रहे हैं. खास बात यह रही कि इस घोषणा के दौरान विधायक विवेक शर्मा और ऊना के पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा भी मौजूद रहे, जिससे इस पूरे मामले को और अधिक राजनीतिक महत्व मिल गया है. इससे जिला परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रहा विवाद और तेज हो गया.

ऊना और कुटलैहड़ में कांग्रेस ने जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची जारी की (ETV Bharat)

ये होंगे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार

विधायक विवेक शर्मा और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने इस फैसले का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में हमेशा पार्टी समर्थित उम्मीदवार ही मैदान में उतारे जाते रहे हैं और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह कदम उठाया गया है. घोषित प्रत्याशियों में देहलां वार्ड से सोनिया राणा, रायपुर सहोडा से प्रियंका शर्मा, चताड़ा से दीक्षा सैनी, धनेत से रीना देवी, टक्का वार्ड से सुमित शर्मा और लठियानी वार्ड से सत्या देवी को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बताया गया है.

पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने किया समर्थन

पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वो सभी मिलकर इन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से जुट जाएं. ये सभी प्रत्याशी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से घोषित किए गए हैं, जिसके चलते अब नेताओं और कार्यकर्ताओं का संयुक्त दायित्व बनता है कि उनकी जीत सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि एक जिला परिषद वार्ड में दोनों विधानसभा क्षेत्र की आधी आधी पंचायतें आती हैं. ऐसे में मिल बैठकर उसे जिला परिषद वार्ड के प्रत्याशी का नाम तय किया गया.

प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान

उधर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं. ऐसे में इन संस्थानों में सोच समझकर ब्लॉक कांग्रेस ने पार्टी के जिला परिषद प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. सभी पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों को आगामी चुनाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है.

ये भी पढ़ें: नगर परिषद कुल्लू में कांग्रेस ने जारी की पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की सूची, अब साफ हुई तस्वीर