हिमाचल में भारी बरसात, बारिश के चलते इस उपमंडल में सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश
लगातार बारिश के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए.DC जतिन लाल ने सुरक्षा के मद्देनजर फैसला लिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 19, 2026 at 10:34 AM IST
ऊना: बंगाणा उपमंडल में पिछले करीब 12 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. भारी बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने के साथ ही भारी-भरकम पेड़ उखड़ गए हैं. इससे मुख्य सड़कों और संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिकूल असर पड़ा है.
लगातार खराब मौसम और बारिश के कारण उत्पन्न संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना, जतिन लाल ने 19 अगस्त को बंगाणा उपमंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी गैर-आवासीय शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.

सरकारी व निजी संस्थानों पर लागू होंगे आदेश
जारी आदेशों के अनुसार, बंगाणा उपमंडल में 19 अगस्त को सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर तथा आंगनवाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे. हालांकि, आवासीय शिक्षण संस्थानों को इस आदेश के दायरे से बाहर रखा गया है; यानी ऐसे संस्थान अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो सकेंगे.
प्रशासन ने यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30(2)(वी) और 34(एम) के तहत जनहित तथा सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है. सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.
नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
क्षेत्र में लगातार जारी बारिश के चलते भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाओं से सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है. प्रशासन और संबंधित विभागों को स्थिति पर निरंतर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने आम जनता से भी मौसम के मिजाज को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.

