उमरिया में ग्रामीणों का अनोखा विरोध प्रदर्शन, बीच सड़क कर दी धान की रोपाई
उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मानिकपुर के कारीगडहरी गांव गांव का मामला. सड़क कीचड़ में डूबी. तपस गुप्ता की रिपोर्ट

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 8:29 PM IST
उमरिया: उमरिया जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं बारिश के कारण कई गांव की सड़के कीचड़ में तब्दील हो गई हैं. अपनी आवाज जिम्मेदारों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग तरकीब अपना रहे हैं.
ऐसा ही अनोखा विरोध प्रदर्शन उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मानिकपुर के कारीगडहरी गांव में देखने को मिला है. जहां सड़क की खराब हालात से परेशान ग्रामीणों ने कीचड़ भरे रास्ते पर ही धान के पौधे लगाकर रोपाई कर दी.
ग्रामीणों ने कहा, रास्ते से गुजरते समय बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसल कर गिर जाते हैं
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद कारीगडहरी गांव की सड़क की स्थिति बेहद खराब है. सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ होने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते से गुजरते समय बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसल कर गिर जाते हैं. दो पहिया वाहन चालकों को भी कीचड़ के कारण काफी परेशानी होती है. कई बार फिसल कर गिर जाने से दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है.
रविवार को ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए कीचड़ से भरी सड़क पर धान के पौधे रौप दिए. ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह खेतों में धान की रोपाई के लिए पानी और कीचड़ की जरूरत होती है. उसी तरह गांव की सड़कें भी बारिश के बाद खेत जैसी दिखाई देती हैं. इसलिए हमने सड़क पर ही धान की रोपाई कर जिम्मेदारों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करने का निर्णय लिया. ग्रामीणों का कहना है कि उनका मकसद लंबे समय से चली आ रही समस्या की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करना है.
वहीं पूरे मामले में करकेली जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियांशु सिंह ने कहा "कारीगडहरी गांव की सड़क की स्थिति की जांच के लिए उपाय यांत्रिक को निर्देश दिए गए हैं. मौके पर सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

