साल के आखिरी दिन मोहन यादव ने बिरासनी माता से लिया आशीर्वाद, निजी दौरे पर पहुंचे उमरिया
मोहन यादव ने बिरासनी माता से प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणियों का किया दीदार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 10:29 PM IST
उमरिया: साल के आखिरी दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उमरिया के पाली में स्थित बिरासनी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आरती के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना की. उन्होंने माता बिरासनी से प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की. मुख्यमंत्री मोहन यादव 30 दिसंबर से ही उमरिया जिले के प्रवास पर हैं, ये उनका निजी और पारिवारिक दौरा है.
बिरासनी माता के दर्शन करने पहुंचे मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव 31 दिसंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सीधे उमरिया जिले के पाली में स्थित बिरासनी माता मंदिर में माता की पूजा अर्चना करने पहुंचे. मंदिर के पुजारी ईश्वरी महाराज ने बताया कि "जैसे ही सूचना मिली कि प्रदेश के मुखिया आज बिरासनी माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इससे अच्छी बात क्या हो सकती है कि सिद्ध माता के चरणों में वो प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि के लिए माथा टेकने आ रहे हैं. जैसे ही वो मंदिर पहुंचे, तो हमने पूजा की पूरी तैयारी कर रखी थी. उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना की."
मुख्यमंत्री के आने से लोगों का उमड़ा हुजूम
वैसे तो मुख्यमंत्री का ये निजी दौरा था, लेकिन जैसी ही पाली के बिरासनी माता मंदिर में पहुंचने की खबर आसपास के लोगों को लगी, तो वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी लोगों का अभिवादन किया. मौके पर मौजूद छोटू विश्वकर्मा बताते हैं कि "जैसे ही लोगों को ये पता चला कि मुख्यमंत्री बिरासनी माता मंदिर में सीएम पहुंच रहे हैं, तो लोग वहां काफी संख्या में जुट गए. कुछ लोग तो अपनी समस्याएं लेकर भी पहुंचे थे, तो कुछ लोग मात्र उन्हें देखने पहुंचे हुए थे.

- मोहन यादव सरकार देगी नए साल पर तोहफा, बढ़ेगी बुजुर्गों और दिव्यागों की पेंशन
- 15 फसलें बनेंगी मध्य प्रदेश की पहचान, मोहन यादव सरकार दिलाने जा रही GI टैग
बाघों के गढ़ में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव 30 दिसंबर को ही निजी प्रवास के तहत अपने परिवार के साथ उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे हुए थे. उन्होंने रात में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में स्टे किया और फिर सुबह-सुबह बाघों के दीदार करने निकल पड़े. जहां प्रकृति का अद्भुत और मनोरम दृश्य देखा. वहीं, बाघ सहित अन्य कई वन्य प्राणियों का दीदार किया.

