ETV Bharat / state

बाघों के गढ़ में गिद्धों का डेरा, बांधवगढ़ में मिले इजिप्शियन और सफेद पीठ वाले वल्चर

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 3 दिवसीय गिद्ध गणना पूरी. 38 स्थानों पर 4 अलग-अलग प्रजातियों के 276 गिद्ध मिले.

BANDHAVGARH VULTURE CENSUS
38 स्थानों पर 4 अलग-अलग प्रजातियों के 276 गिद्ध मिले (Bandhavgarh Tiger Reserve)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 11:00 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 3 दिवसीय गिद्ध गणना रविवार को पूरी हो गई. इस गिद्ध गणना में शीतकालीन 3 दिवसीय गणना में 4 अलग-अलग प्रजातियों के गिद्ध देखे गए जो बहुत ही खास रहा. बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के लिए यह बहुत ही अच्छी खबर है और इन गिद्धों की संख्या भी अच्छी खासी तादाद में मिली.

तीन दिवसीय गिद्ध गणना पूरी

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 22 फरवरी को 3 दिवसीय गिद्ध गणना का तीसरा और आखिरी दिन पूरा हुआ और इसी के साथ 3 दिवसीय गिद्ध गणना सफलतापूर्वक पूरी हो गई. गिद्ध गणना की शुरुआत 20 फरवरी को की गई थी यह 22 फरवरी तक चली. गिद्धों की काउंटिंग का कार्य बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के 4 उप वनमंडलों के 9 परिक्षेत्रों की 139 बीटों में किया गया. इसमें लगभग 400 से अधिक फील्ड स्टाफ ने हिस्सा लिया और करीब 60 अधिकारियों के साथ वरिष्ठ वनकर्मियों ने मौके पर रहकर निगरानी की.

Umaria Bandhavgarh Tiger Reserve
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 276 गिद्ध (Bandhavgarh Tiger Reserve)

इस बार की गिद्ध गणना इसलिए भी खास रही क्योंकि गिद्धों की गणना निर्धारित प्रपत्रों के साथ साथ मोबाइल ऐप Epicollect5 के माध्यम से की गई, जिससे जानकारी सीधे और तुरंत दर्ज हो सके और मुख्यालय से रियल टाइम मॉनिटरिंग और विश्लेषण किया जा सके.

Bandhavgarh vulture census
बांधवगढ़ में मिले इजिप्शियन और सफेद पीठ वाले वल्चर (Bandhavgarh Tiger Reserve)

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 276 गिद्ध

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय बताते हैं कि "इस बार की गिद्ध गणना में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में राज गिद्ध, देसी गिद्ध, इजिप्शियन गिद्ध और सफेद पीठ गिद्ध देखे गए. जिसमें राज गिद्ध 17 की संख्या में मिले, देसी गिद्ध 237 की संख्या में मिले, इजिप्शियन गिद्ध 14 की संख्या में दर्ज किए गए और सफेद पीठ वाले गिद्ध 8 की संख्या में देखे गए."

VULTURE STATE MADHYA PRADESH
तीन दिवसीय गिद्ध गणना पूरी (Bandhavgarh Tiger Reserve)

अनुपम सहाय बताते हैं कि "इस तरह से 3 दिवसीय गिद्ध गणना में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कुल गिद्धों की संख्या 276 रही. बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र के विभिन्न परिक्षेत्रों में 38 स्थानों पर 4 प्रजाति के गिद्ध देखे गए. गणना करते समय नियमानुसार केवल उन्हीं गिद्धों को गिना गया जो बैठे पाए गए अर्थात उड़ते हुए गिद्धों को गिनती में नहीं लिया गया. 4 प्रजातियों के गिद्धों की उपस्थिति बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के स्वस्थ पारिस्थितिकीय तंत्र और जैव विविधता को दर्शाती है."