ETV Bharat / state

सीएम धामी के दौरे से पहले यूकेडी का प्रदर्शन, पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लिया

आज रुड़की दौरे पर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े लेकर किया प्रदर्शन, बसों में भरकर ले गई पुलिस

ROORKEE UKD PROTEST
उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 28, 2026 at 4:42 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे से पहले उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब यूकेडी यानी उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने मिलिट्री चौक पर क्षेत्रीय समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दर्जनों प्रदर्शनकारियों और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया. जिसके बाद उन्हें गंगनहर कोतवाली ले जाया गया.

बीजेपी सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी: बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज रुड़की में कार्यक्रम है. कार्यक्रम से पहले यूकेडी के कार्यकर्ता मिलिट्री चौक पर इकट्ठा हो गए और बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारी क्षेत्रीय विकास, स्थानीय समस्याओं और लंबित मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया.

ROORKEE UKD PROTEST
रुड़की में यूकेडी का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

पुलिस की हिरासत में प्रदर्शन कर रहे यूकेडी के कार्यकर्ता और नेता: वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे यूकेडी के दर्जनों कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से रुड़की गंगनहर कोतवाली पहुंचा दिया. इस दौरान मौके पर कुछ देर तक हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली.

"हम शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री तक अपनी मांगें पहुंचाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने हमें रोककर हिरासत में ले लिया. यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, सरकार क्षेत्रीय समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है."- दीपक लाखवान, जिलाध्यक्ष, उत्तराखंड क्रांति दल

सीएम धामी के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा चाक चौबंद: उधर, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है. किसी को भी शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

ROORKEE UKD PROTEST
पुलिस की हिरासत में प्रदर्शनकारी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 135वें संस्करण को सुना. सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न भागों में जनसहयोग से हो रहे प्रेरणादायी कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की सहभागिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए.

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश 'सबका प्रयास' की भावना को और ज्यादा सशक्त करते हैं. उत्तराखंड सरकार भी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है.

ROORKEE UKD PROTEST
धरने पर बैठे यूकेडी के कार्यकर्ता (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

गौर हो कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुड़की दौरे पर हैं. वे युवाओं से सीधा संवाद कर उनके विचार, सुझाव और अपेक्षाओं को सुनेंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को सरकार की विकास यात्रा से जोड़ना और उनके सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना है.

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, रुड़की मेयर अनीता और बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहेंगे. उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर नजर आ रहा है.

ये भी पढ़ें-