बिहार के लाल का ब्रिटेन में डंका, AI मंत्री बन जन्मस्थली मुजफ्फरपुर लौटने पर भव्य स्वागत
बिहार से यूके के AI मंत्री कनिष्क नारायण का गहरा नाता है. मुजफ्फरपुर में जन्मे कनिष्क का जिले में भव्य स्वागत किया गया. पढ़ें

Published : February 21, 2026 at 6:27 PM IST
मुजफ्फरपुर: भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद और यूनाइटेड किंगडम के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व ऑनलाइन सेफ्टी मंत्री कनिष्क नारायण शनिवार को अपने पैतृक शहर मुजफ्फरपुर पहुंचे. करीब 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद निजी दौरे पर अपने जन्मस्थान पहुंचने पर कनिष्क नारायण का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
25 साल बाद बिहार पहुंचे ब्रिटेन के AI मंत्री: अपने दौरे के दौरान कनिष्क नारायण मुजफ्फरपुर के एसकेजे लॉ कॉलेज पहुंचे, जहां उनके सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य, इसके वैश्विक प्रभाव और भारत की उभरती संभावनाओं पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि AI आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कानून और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लाने जा रहा है.
मुजफ्फरपुर में भव्य स्वागत: मुजफ्फरपुर में जन्मे कनिष्क नारायण ने भावुक होते हुए कहा कि भले ही वे आज United Kingdom में एक अहम जिम्मेदारी निभा रहे हों, लेकिन अपने शहर और बिहार से उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट में यूनाइटेड किंगडम का प्रतिनिधित्व करने के बाद वे सीधे अपने पैतृक शहर पहुंचे.
"25 साल के बाद पर्सनल विजिट पर मुजफ्फरपुर वापस आना मेरे लिए बेहद खास है. पूरा सप्ताह दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट के कार्यक्रमों में बीता, जहां मैंने यूनाइटेड किंगडम को रिप्रेजेंट किया. यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है. मुझे पूरा विश्वास है कि AI के क्षेत्र में भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ेगा, क्योंकि यहां के लोगों का स्किल और टैलेंट वाकई बेहतरीन है."- कनिष्क नारायण, AI मंत्री, यूनाइटेड किंगडम

संजय झा ने क्या कहा?: अपने दौरे के क्रम में कनिष्क नारायण ने जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान बिहार के विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भविष्य में संभावित सहयोग को लेकर विचार-विमर्श हुआ. मुलाकात के बाद संजय कुमार झा ने कहा कि आज दुनिया पूरी तरह ग्लोबल हो चुकी है और बिहार भी तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है.

"बिहार के पास एक बड़ी और ऊर्जावान युवा पीढ़ी है, जो देश और दुनिया में हर सेक्टर में बेहतर प्रदर्शन कर रही है. बिहार में अब चीजे बदल गईं हैं. सीएम नीतीश कुमार ने यहां प्लेटफॉर्म खड़ा कर दिया है. अब आपको जितना ऊपर उड़ना है उड़िए. एआई तकनीक का उपयोग हेल्थ, कृषि और सर्विस में हो सकता है. बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है. मुझे लगता है कि आने वाले समय में बिहार हमें किसी भी राज्य से कम नहीं दिखाई देगा."- संजय कुमार झा, JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
ये भी पढ़ें
23 साल बाद बिहार लौटे ब्रिटेन के AI मंत्री कनिष्क नारायण, कहा- 'यहां बहुत तरक्की हुई है'

