ETV Bharat / state

उज्जैन में आश्रमों पर गरजा बुलडोजर तो घबराए साधु-संत पहुंचे कलेक्टर से मिलने

सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर उज्जैन में बुलडोजर गरजा. साधु-संतों के बीच आश्रमों में किए गए अवैध निर्माण टूटने का डर.

UJJAIN ASHRAM BULLDOZER ACTION
बुलडोजर कार्रवाई से घबराए साधु-संत पहुंचे कलेक्टर से मिलने (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 1:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट : राहुल सिंह राठौर

उज्जैन : उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. एक तरफ सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है तो अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन की नजर साधु-संतों के आश्रमों में हुए अवैध निर्माण पर भी है. जिला प्रशासन साधु-संतों के साथ लगातार बैठकें कर रहा है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में साधु-संतों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी. साधु-संतों ने उन्हें मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की. कलेक्टर ने सभी मांगों को ध्यान से सुना.

साधु-संतों ने सिंहस्थ के कार्यों पर दी सलाह

शुक्रवार देर शाम साधु संत कलेक्टर से मिलने पहुंचे और अपनी मांगें रखीं. शेव शंभु सन्यासी मंडल ने कलेक्टर से मिलने के बाद कहा "शेव शंभु सन्यासी मंडल की दत्त अखाड़ा में महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसके बाद सभी ने कलेक्टर से मिलने का निणर्य लिया. भविष्य में सिंहस्थ क्षेत्र में अव्यस्था न हो, इसके लिए अभी से सर्वे की मांग की गई है. इस पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा "सिंहस्थ के बारे में संतों के विचारों को सुना है. संतों के सुझाव मिले हैं कि कैसे सिंहस्थ क्षेत्र में काम होने चाहिए."

साधु-संतों ने अपनी मांगें कलेक्टर के सामने रखी (ETV BHARAT)

संतों ने पानी सहित अन्य सुविधाओं की मांग की

संत महावीर नाथ ने कहा "सिंहस्थ क्षेत्र में नक्शे, डायवर्जन, पानी के बोरिंग व अन्य सुविधाओं की मांग की है. कलेक्टर ने आश्वस्त किया है." महंत रामेश्वर गिरी ने कहा "सिंहस्थ के निर्माण कार्यों में तेजी आए, पानी की व्यवस्था, सड़क, शौचालय व अन्य के निर्माण की व्यवस्था की जाए."

3 दिन पहले शिप्रा किनारे टूटे थे अवैध निर्माण

3 दिन पहले उज्जैन जिला प्रशासन ने शिप्रा नदी किनारे साधु-संतों के निर्माण स्थलों पर अतिक्रमण की कार्रवाई को अंजाम दिया था. शंकराचार्य मठ की 3 मंजिल बिल्डिंग मिलाकर 5 प्रॉपर्टी ध्वस्त की गई थी. माना जा रहा है कि इसी कार्रवाई से घबराए साधु-संतों ने कलेक्टर से मुलाकात की. हालांकि जिला प्रशासन या संतों ने इस बात को सामने नहीं आने दिया और मूलभूत सुविधाएं नहीं होने की बात कही. साधु-संतों ने कार्तिक मेला ग्राउंड में शंकराचार्य चौक पर भगवान शंकराचार्य की प्रतिमा लगाने की मांग की है.

UJJAIN ASHRAM BULLDOZER ACTION
संतों ने पानी सहित अन्य सुविधाओं की मांग की (ETV BHARAT)

शंकराचार्य मठ पर चला पीला पंजा

सिंहस्थ 2028 की तैयारी के मद्देनजर उज्जैन जिला प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ सख्त है. वहीं कई आश्रमों में अवैध निर्माण भी व्यापक स्तर पर हुआ है. शंकराचार्य मठ सहित 5 प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलने से संत समाज में हड़कंप है. उन्हें लगता है कि कहीं बुलडोजर उनके यहां न पहुंच जाए.

सिंहस्थ क्षेत्र में पक्के निर्माण पर प्रतिबंध

नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा के मुताबिक "सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए लगातार अवैध अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं. सिंहस्थ क्षेत्र बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रखता है. ऐसे में अभी से तैयारियां की जा रही है. 2016 सिंहस्थ के बाद जो निर्माण कार्य हो गए हैं, उन्हें हटाया जाएगा. "