उज्जैन में होगा MBA में टेंपल मैनेजमेंट कोर्स, एडमिशन की डेट से लेकर कौन-कौन से होंगे कोर्स
मुम्बई, काशी के बाद उज्जैन से भी कर सकेंगे छात्र एमबीए में टेंपल मैनेजमेंट कोर्स। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कुलगुरु ने दी जानकारी...

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 9, 2026 at 2:39 PM IST
उज्जैन: बढ़ते धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश व अन्य शहरों के बाद अब मध्य प्रदेश के उज्जैन में छात्र एमबीए में टेंपल मैनेजमेंट का कोर्स कर सकेंगे. छात्र यह कोर्स सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय से कर सकेंगे. बीते दिनों मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस बात की घोषणा की थी. जहां सीएम ने कहा था कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े कोर्स विश्वविद्यालय में संचालित किए जाएंगे. जिससे क्षेत्रीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा और अध्ययन के साथ मंदिरों का बेहतर संचालन व संधारण भी हो सकेगा.
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में MBA में टेंपल मैनेजमेंट
कुलगुरु अर्पण भारद्वाज ने ईटीवी भारत से कहा कि "ये एक नई पहल है. मध्य प्रदेश में जहां बच्चों के लिए ऐसा पहली बार ऐसा होने जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व उच्च शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय एमबीए (MBA) में टेंपल मैनेजमेंट की शुरुआत कर रहा है. चूंकि उज्जैन धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख केंद्र है. धार्मिक के साथ वैज्ञानिक नजर से भी अध्ययन, संचालन व मेंटेनेंस की आवश्यकता है. जब अध्ययन की और बढ़ेंगे तो बेहतर प्रबंधन भी कर पाएंगे. विश्वविद्यालय इस कोर्स के लिए बच्चों को आमंत्रित करता है. कुलगुरु ने बताया कि खास बात यह है कि बच्चे यहां प्रैक्टिकल अनुभव भी ले सकेंगे. मंदिर की व्यवस्था को लेकर क्रमबद्ध ज्ञान ले सकेंगे.
यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए 30 जून तक आवेदन
कुलसचिव अनिल शर्मा ने बताया कि "सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं और संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों में 30 जून तक प्रवेश के लिए आवेदन की लिंक ओपन की गई है. विश्वविद्यालय में अंडर ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा व प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की एंट्री लिंक या एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं.
यह होंगे कोर्स, टेंपल मैनेजमेंट के लिए जल्द गाइडलाइन्स
फिलहाल पाठ्यक्रमों में कला, समाज विज्ञान, कृषि, विज्ञान, जीव विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, इंजीनियरिंग, वाणिज्य, व्यवसाय प्रबंधन, नॉन फॉर्मल एजुकेशन, पत्रकारिता, जनसंचार, फॉरेंसिक साइंस, फूड टेक्नोलॉजी, विधि, शारीरिक शिक्षा आदि संकाय और विषय क्षेत्रों से जुड़े शामिल हैं. टेंपल मैनेजमेंट को लेकर भी जल्द गाइडलाइन्स जारी कर दी जाएगी.
- अल्लाह के प्रश्न पर प्रोफेसर ब्लैकलिस्ट, विक्रमादित्य यूनिवर्सिटी ने कार्य मुक्त कर गिराई गाज
- क्या अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं? विक्रम यूनिवर्सिटी के एग्जाम में विवादित सवाल पर बवाल
कुलसचिव ने बताया कि विश्वविद्यालय के संस्थानों में एमबीए, एमसीए व बी टेक, सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश डीटीई, भोपाल के माध्यम से होगा. स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसओईटी) में एमटेक पाठ्यक्रमों स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग, थर्मल इंजीनियरिंग, पावर सिस्टम ऑटोमेशन एवं डिजिटल कम्युनिकेशन में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है.

