डाक से मिलेगा बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर का प्रसाद, 48 घंटे में पार्सल डिलीवरी का टारगेट
सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया पोस्टल सेवा का शुभारंभ, दो ज्योतिर्लिंगों की प्रसादी अब डाक के माध्यम से आप तक पहुंचेगी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:55 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 10:17 AM IST
उज्जैन: मंगलवार को उज्जैन में ग्रामीण डाक सेवा सम्मेलन का आयोजन हुआ. आयोजन में मध्य प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए. जहां दोनों ने जनता को बड़ी सौगात देते हुए दो ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की प्रसादी डाक के माध्यम से आप तक पहुंच सके पोस्टल सेवा का शुभारंभ किया. इस दौरान बड़ी संख्या में डाक सेवक भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री और मंत्री ने डाक सेवकों का स्वागत सत्कार किया
मध्य प्रदेश में 16,800 से ज्यादा डाक सेवक
मुख्यमंत्री ने कहा, ''हमारे डाक सेवक अब केवल लिफाफे नहीं पहुंचा रहे, बैंकिंग और बीमा जैसी अन्य सेवाएं भी दे रहे हैं. हमारे राज्य में 16,800 से ज्यादा ऊर्जावान डाक सेवक काम कर रहे हैं. 9,256 डाकघर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं.'' मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रामीण डाक सम्मेलन में सभी डाक सेवकों को दी शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''अपने अथक परिश्रम से गांव-गांव तक डाक व अन्य जनउपयोगी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने वाले ग्रामीण डाक सेवकों की देश के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है.''
दो ज्योतिर्लिंगों की प्रसादी अब पोस्टल सेवा से
शिप्रा नदी किनारे कार्तिक मेला ग्राउंड में आयोजित ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन व ग्रामीण डाक नायक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ''बाबा महाकाल की नगरी से घोषणा करता हूं कि श्री महाकालेश्वर: ज्योतिर्लिंग और श्री ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर की प्रसादी जन-जन तक अब डाक के माध्यम से पहुंचाने के लिए पोस्टल सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है. ग्रामीण डाक सेवक भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं.'' पोस्टल सेवा के अलावा उज्जैन के प्रसिद्ध स्थानों के संकलन पर आधारित पिक्टोरियल पोस्ट कार्ड का विमोचन भी मुख्यमंत्री और मंत्री सिंधिया द्वारा किया गया.

डाक विभाग को लाजिस्टिक शक्ति के रूप में करेंगे स्थापित
केंद्रीय संचार मंत्री ज्यातिरादित्य सिंधिया ने कहा, ''सभी ग्रामीण डाक सेवक मेरे परिवार के सदस्य हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डाक विभाग देश के विकास में अपनी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है. डाक विभाग को तकनीकी रूप से सुदृढ बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. हमारा संकल्प है कि देश के डाक विभाग को विश्व की सबसे बड़ी लाजिस्टिक शक्ति के रूप में स्थापित करेंगे.
देश में ग्रामीण डाक सेवक एक सैनिक की भांती कार्य कर रहे हैं. रेगिस्तान हो या पहाड़ों की चोटियां या मैदानी क्षेत्र हर एक स्थान पर ग्रामीण डाक सेवक निर्भीक रूप से पहुंचकर आम जन की सेवा कर रहे हैं. दुर्गम स्थलों जहां कोई अन्य व्यक्ति जाने की हिम्मत नहीं करता है वहां भी हमारा डाक सेवक अपनी सेवाएं दे रहा है. सर्दी, गर्मी, बरसात की परवाह किए बगैर डाक सेवक अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहा है.''

- स्पीड पोस्ट को स्ट्रांग करने का सिंधिया प्लान, कोरियर कंपनियों के सामने बड़ा चैलेंज
- 'देश का आधुनिक चेहरा हैं ग्रामीण डाक कर्मचारी', कोल्हापुर में बोले केंद्रीय मंत्री सिंधिया
- मोहन यादव ने तैयार किया क्वेश्चन पेपर, किसानों के मुद्दे पर इन 3 सवालों के जवाब दें राहुल गांधी
देश में 30 करोड़ पोस्ट ऑफिस के बचत खाते
सिंधिया ने यह भी कहा, ''देश में 30 करोड़ पोस्ट ऑफिस बचत खातों को खुलवाने तथा उनमें लगभग 22 लाख करोड़ की रुपए की राशि जमा कराने में ग्रामीण डाक सेवक की महत्वपूर्ण भूमिका है. आज पूरे देश में 3 करोड़ 80 लाख सुकन्या समृद्धि खाते हैं, जो हमारे ग्रामीण डाक सेवकों ने खुलवाएं हैं. देश में 2 करोड़ पासपोर्ट बनवाने में तथा 15 करोड़ से अधिक आधार कार्ड वितरण में भी हमारे डाक सेवकों ने महत्वूर्ण भूमिका निभाई है.
अब केंद्रीय विद्यालयों में ग्रामीण डाक सेवकों के बच्चों को भी प्रवेश मिलेगा. डाकघरों को मुनाफे का केंद्र बनाया जाएगा. पार्सल वितरण क्षेत्र में अब महत्वपूर्ण भूमिका डाक घरों द्वारा निभाई जाएगी. डाक विभाग में डिजिटल सिस्टम, ट्रैकिंग सिस्टम अपनाए जाएंगे. सामग्री वितरण शत-प्रतिशत रूप से सुनिश्चित किया जाएगा. दुर्गम क्षेत्रों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की भी सेवाएं ली जाएंगी, विभाग अब ड्रोन का भी उपयोग करेगा.''
ऑन टाइम डिलीवरी
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि, ''विभाग द्वारा तकनीकी दक्षता में वृद्धि, उपभोक्ता का विश्वास, अच्छा व्यवहार तथा ऑन टाइम डिलीवरी पर ध्यान केंद्रित किया गया है. समय सीमा पर फोकस किया जा रहा है. 24 घंटे 48 घंटे जैसी समय सीमा में पार्सल अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचाने पर कार्य विभाग करेगा.'' कार्यक्रम में पूरे मध्य प्रदेश से आए हुए 7 हजार से अधिक ग्रामीण डाक सेवक उपस्थित थे.

