ETV Bharat / state

उज्जैन में करणी सेना से जुड़े दो गुटों में खूनी संघर्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित 2 की मौत, 3 गंभीर

आपसी विवाद के चलते दो गुटों में भीषण संघर्ष, 2 की मौके पर मौत, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, राहुल सिंह राठौड़ की रिपोर्ट.

Ujjain Rajput karni sena fight two died
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना से जुड़े दो गुटों में खूनी संघर्ष! (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 2:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

उज्जैन : शहर के थाना चिमनगंज क्षेत्र अंतर्गत बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मामले में कुल 3 घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में वर्चस्व या संभवतः प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हुआ है. फिलहाल पूरे मामले में उज्जैन पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पदाधिकारीयों ने बताया कि विवाद में शामिल शक्ति सिंह संगठन के पूर्व नगर अध्यक्ष हैं. उनके साथ सोनू बंजारा, अर्पित व मोहन बन्ना और अन्य का विवाद राहुल दरबार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष व लक्की दरबार ढाबे के मालिक जितेंद्र पंवार के साथ हुआ है.

मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. विवेक कनोडिया थाना प्रभारी चिमनगंज ने बताया, '' सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मृतक राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप पिता दिलीप सिंह उम्र 42 वर्ष नीमनवासा का रहने वाला है और मृतक जितेंद्र पिता निर्भय सिंह पंवार उम्र 35 साल निवासी उंडासा क्षेत्र का है. वहीं, पंवासा निवासी शक्ति सिंह उम्र 32 वर्ष, श्रवण पिता देवीलाल उम्र 45 वर्ष व पप्पू जाट घायल हुए हैं, सबका उपचार जारी है.''

आपसी विवाद के चलते दो गुटों में भीषण संघर्ष (Etv Bharat)

थाना प्रभारी ने आगे कहा, '' मामले में अर्पित और मोहन का भी नाम है. इसमें सबके बैकग्राउंड के बारें में पता किया जा रहा है और आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. मृतकों के शवों का पीएम करवा कर परिजनों को सौंप रहे हैं.

झाड़ियों में मिली जितेंद्र की लाश

थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया पुलिस घटनास्थल पर जांच कर ही रही थी कि ढाबे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में एक युवक का शव मिला. उसकी पहचान उंडासा निवासी जितेंद्र पिता निर्भय सिंह पवार उम्र 35 साल के रूप में हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर विवाद की शुरुआत, हमले में शामिल लोगों और हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी जुटा रही है. वहीं, मौके पर खड़ी फोरव्हीलर व अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं. एक वाहन पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष की प्लेट लगी है. वहीं,ढाबे के अंदर भी जमकर तोड़फोड़ की गई है. ढाबे पर CCTV फुटेज भी लगे हुए हैं, जिससे तमाम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

karni sena ujjain two dead
एक गाड़ी के आगे लिखा था करणी सेना (Etv Bharat)

यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का उत्पात, तोड़फोड़ और मारपीट में 7 गार्ड घायल, 2 के सिर फटे

घायल श्रवण ने बताया, '' शक्ति सिंह पूर्व नगर अध्यक्ष और राहुल दरबार प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के बीच पद को लेकर विवाद हुआ है. शक्ति सिंह ने मौके पर सोनू बंजारा नामक शख्श को 15 से 20 हथियारबंद साथियों के साथ बुलाया और हमला कर दिया'.'