मकर संक्रांति से पहले हादसों को दावत दे रहा चाइनीज मांझा, अब पुजारी का कटा गला
उज्जैन में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री जारी, अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग हो चुके हैं जख्मी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 6:22 PM IST
उज्जैन: देश भर सहित उज्जैन में प्रत्येक वर्ष 14 और 15 जनवरी को मकरसंक्रांति का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है. पर्व को लेकर उज्जैन के मालवा क्षेत्र में 1 माह पूर्व से ही बड़ा उत्साह युवाओं में बच्चों में देखा जाता है, लेकिन यही उत्साह अब हादसों की वजह बनता जा रहा है. बीते कुछ दिनों में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक हादसे हो गए हैं.
प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले आरोपी गिरफ्तार
रविवार (4 जनवरी) की शाम शहर के जयसिंहपुरा में पुजारी नामक एक युवक मांझे की चपेट में आ गया. जिससे उसका गला बुरी तरह कट गया. मौके पर मौजूद लोगों ने पुजारी को शासकीय चरक भवन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया. जहां डॉक्टर ने ऑपेरशन के दौरान गले में फंसे मांझे के टुकड़े को बाहर निकाला. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. इससे पहले चाइनीज मांझे से गला, नाक, कान कटने के कई मामले सामने आए हैं. पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले कुछ बदमाशों को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला है. इसके अलावा मांझा को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया.
जानिए पूरा मामला और कौन है पुजारी?
20 वर्षीय घायल पुजारी का पूरा नाम विनय तिवारी है. वह मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला है. वह बीते कुछ समय से उज्जैन के जयसिंहपुरा क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रह रहा है. थाना महाकाल क्षेत्र में पुजारी बाइक से कुछ सामान लेने के लिए निकला और बीच रास्ते में रविवार शाम चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. राहगीरों ने पुजारी विनय को शासकीय चरक भवन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया.
परिजनों ने पुजारी को निजी अस्पताल में कराया भर्ती
आरएमओ डॉ. चिन्मय चिंचोलेकर ने बताया कि "ऑपेरशन के दौरान युवक के गले में से चाइनीज मांझे के टुकड़े निकाले हैं. 10 टांके गले में लगाए गए हैं. फिलहाल प्राथमिक उपचार और ऑपरेशन के बाद परिवार युवक को निजी अस्पताल लेकर गए हैं. अब तक चाइनीज मांझे से घायल आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ गए हैं. सभी को प्रॉपर ट्रीटमेंट दिया गया है. पुजारी विनय का ऑपरेशन करने में लगभग 2 घण्टे का समय लगा है जो कि सफल ऑपरेशन रहा."

2 नाबालिग सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
थाना महाकाल प्रभारी गगन बादल ने कहा "पुलिस ने 3 आरोपियों को चाइनीज मांझा बेचने के मामले में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सैफ अली सहित 2 नाबालिग शामिल है, जबकि एक आरोपी फरार है. पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भिजवाने की कार्रवाई की है. वहीं जब्त चाइनीज मांझे को सार्वजनिक रूप से जलाकर नष्ट किया गया है.
इतने लोग बने चाइनीज मांझे का शिकार
15 दिन पहले झारड़ा थाना क्षेत्र के पिपलिया धूमा गांव के निवासी योगेश आंजना का मांझे से गला कट गया था. उसे भी 10 टांके आये थे. योगेश उज्जैन सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय से परीक्षा देकर घर लौट रहा था, इस दौरान खिलचीपुर क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया. चिमनगंज पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 23 रील मांझे की क्षेत्र से जब्त की थी. ऐसे ही 7 दिसंबर को विपुल महिवाल नामक छात्र शहर के थाना माधव नगर क्षेत्र में जीरोपॉइंट ब्रिज के पास हादसे का शिकार हो गया था. इसके अलावा एक 8 साल का नाबालिग हाई टेंशन लाइन में उलझे चाइनीज मांझे और पतंग की चपेट में आ गया था. हाई टेंशन लाइन के ऐसे अन्य कई मामले शहर में सामने आ चुके हैं, हालांकि उज्जैन पुलिस चेकिंग अभियान और आरोपियों की धर पकड़ में लगी हुई है.

- मकर संक्रांति पर उड़ाना है पतंग तो खरीदें देसी डोर, इंदौर हाइकोर्ट का 14 जिलों में मांझा बैन
- उज्जैन व इंदौर में चाइनीज मांझे का सर्किट खोजने निकली पुलिस, ऑनलाइन डिलेवरी का शक
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि "चाइना मांझे को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है. 1 महीने में 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चाइनीज मांझा बेचने वालों में उज्जैन और इंदौर के लोग शामिल हैं. इंदौर से उज्जैन आकर मांझा बेच रहे थे. नीलगंगा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन मांझा बेचने वाले आरोपी और डिस्ट्रीब्यूटर दोनों को दबोचा है. पुलिस टीम जगह जगह ब्रिज पर तार की फेंसिंग कर रही है, ताकि लोगों को आने जाने में कोई असुविधा भी ना हो. सूचना पर घर, मोहल्लों, गलियों में पेट्रोलिंग कर रहे हैं. सभी आरोपियों से बाउंड ओवर भरवाया जा रहा है. अगर आगे भी यह नहीं मानते हैं तो फिर जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी. सभी के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं."

