उज्जैन में बनेगा अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रो टर्फ, मोहन यादव ने दी 129.18 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सिंहस्थ से पूर्व करोड़ों रुपये के विकास कार्यो का मोहन यादव ने किया भूमिपूजन, सिंहस्थ 2028 से पहले सभी कार्य होंगे पूरे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 11:07 PM IST
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के नानाखेड़ा स्थित राजमाता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में 12 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. ये सभी काम 129.18 करोड़ रुपये की लागत से सिंहस्थ 2028 के पहले पूरे किए जाएंगे. उन्होंने इंदौर और उज्जैन के बीच वंदे मेट्रो चलाने सहित कई सौगातें दी. मोहन यादव ने कहा, "बदलते दौर में उज्जैन विकास के नए आयाम को स्पर्श कर रहा है."
अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा एस्ट्रो टर्फ
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा, "आने वाले समय में नानाखेड़ा स्थित राजमाता स्टेडियम में ही हॉकी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रो टर्फ बनाया जाएगा. जिससे इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैच हो सकेंगे." उन्होंने मोहनपुरा में नया रेलवे स्टेशन और शहर के लिए नए एयरपोर्ट जल्द बनाने की बात कही. साथ ही कहा कि आगामी सिंहस्थ 2028 एक ऐसा सिंहस्थ होगा, जब 1980 के बाद पहली बार श्रद्धालु क्षिप्रा के पानी से स्नान करेंगे.
'उत्कर्ष उज्जैन' पोर्टल किया गया लांच
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन दौरे के दौरान https://Utkarshujjain.com पोर्टल का अनावरण किया एवं कौशल सेतु इंडस्ट्री लेड स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्रोजेक्ट स्वध्याय (कॉडिंग फ़ॉर आल) का डिजिटल शुभारंभ किया. उज्जैन के उद्योगों एवं उद्यमिता को कनेक्ट करने वाला 'उत्कर्ष उज्जैन' पोर्टल डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो उज्जैन के उद्योग रोजगार एवं कौशल पर आधारित होगा.

सेवाभावी लोगों की बनेगी सूची
धर्म नगरी अवंतिका उज्जैन में हर रोज हजारों लाखों की संख्या में दर्शनार्थी तीर्थ दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मुख्यमंत्री ने मंच से शहर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शहर की जनता से अपील की. उन्होंने कहा, "आप अपने फ्री समय में लोगों को रास्ता दिखाने व उनकी मदद करने का काम करें." मुख्यमंत्री ने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि शहर के सेवाभावी लोगों की सूची बनाएं और एक रिपोर्ट तैयार करें.
हनुमान मंदिर में दर्शन अटल प्रदर्शनी का अनावरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के बाद शहर के फ्रीगंज स्थित अखंड ज्योति हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे. दर्शन के बाद भाजपा कार्यालय लोक शक्ति भवन गए, जहां अटल जयंती महोत्सव के तहत आयोजित 'भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया. प्रदर्शनी में अटल जी की शिक्षा और राजनीतिक जीवन की महत्वपूर्ण झलकियां प्रस्तुत की गई है.
- मंडला को मिली नई उड़ान, हेलीकॉप्टर से उड़कर गोंडी कला देखने पहुंचेंगे पर्यटक
- भावांतर के भंवर में फंसे कई किसान, मैसेज तो आया खाते में राशि का अभी भी इंतजार
12 नवीन निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण
- 9.50 करोड़ की लागत से कपिला गौशाला का संवर्धन तथा विकास कार्य.
- 9.44 करोड़ की लागत से नानाखेड़ा चौराहे से शांति पैलेस एमआर-2 मार्ग का चौड़ीकरण कार्य.
- 13.12 करोड़ की लागत से सांदीपनि चौराहे से उदयन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण तथा सेंट्रल डिवाइडर कार्य.
- 3.95 करोड़ की लागत से राजस्व कॉलोनी मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण कार्य.
- 8.75 करोड़ की लागत से पंवासा क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का विकास कार्य.
- 5.93 करोड की लागत से हनुमान नाका से हरिफाटक तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य.
- 8.89 करोड़ की लागत से नीलगंगा चौराहे से हरिफाटक ब्रिज तक मार्ग विकास कार्य.
- 3.47 करोड़ की लागत से कानीपुरा में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स का निर्माण.
- 9.68 करोड़ की लागत से टैगौर चौराहे से दो तालाब तक सडक चौडीकरण कार्य.
- 12.82 करोड़ की लागत से ढांचा भवन से एम. आर. 5 तक सड़क चौड़ीकरण कार्य.
- 38.38 करोड़ की लागत से गाड़ी अड्डा चौराहे से ढांचा भवन होते हुए रणकेश्वर महादेव मंदिर तक एम.आर. 4 रोड चौड़ीकरण कार्य.
- 5.25 कोड़ की लागत से नवीन जनपद पंचायत.

