ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश की मटरफली अमेरिका तक पहुंचेगी, मोहन सरकार खाचरौद में बनाएगी फूड प्रोसेसिंग पार्क

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन के खाचरौद को दी 78 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात. फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाने की घोषणा.

UJJAIN FOOD PROCESSING PARK
मध्य प्रदेश की मटरफली अमेरिका तक पहुंचेगी (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 3, 2026 at 4:50 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

उज्जैन: मध्य प्रदेश की मटरफली (हरी मटर) अमेरिका तक पहुंचाने के लिए खाचरौद में जल्द ही फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार की शाम उज्जैन की खाचरौद तहसील में यह घोषणा की. यहां मुख्यमंत्री ने 78 करोड़ से अधिक की लागत से हो चुके और होने वाले कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन सभी कार्यों से खाचरौद के विकास को एक नई दिशा मिलेगी. यहां बड़े पैमाने पर मटर का उत्पादन होता है इसके चलते यहां मटर समेत अन्य फसलों के लिए फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा.

78 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कुल प्रस्तावित 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. जिसमें 48 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत के 16 कार्यों का लोकार्पण और 30 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से होने वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है. खाचरौद में 35 करोड़ 40 लाख की लागत से नवनिर्मित सांदीपनी विद्यालय भवन बनाया गया है.

खाचरौद में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क (ETV Bharat)

11 करोड़ 30 लाख की लागत से नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण बनकर तैयार हुआ है. 9 करोड़ 10 लाख रुपये लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय की बिल्डिंग बनना है, 5 करोड़ 25 लाख की लागत से जनपद पंचायत भवन बनना है. 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन किया गया.

Development works 78 crore Khachrod
उज्जैन के खाचरौद को दी 78 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात (ETV Bharat)

खाचरौद में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र में बहुतायत से होने वाली हरी मटर को देश-विदेश तक पहुंचाने और अन्य सभी फसलों को भी मार्केट दिलाने के लिए खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाने की घोषणा की. इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाने की घोषणा की.

FOOD PROCESSING PARK IN KHACHROD
78 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि "हमारी सरकार प्रदेश के 'समग्र विकास' के संकल्प के साथ काम कर रही है. हमारा मध्य प्रदेश अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है. खाचरौद से रतलाम को डायरेक्ट फोरलेन से जोड़ा जाएगा. जिससे खाचरौद को भी इन्दौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया की सीधी पहुंच मिल सके."

MOHAN YADAV ANNOUNCED FOOD PARK
मोहन सरकार खाचरौद में बनाएगी फूड प्रोसेसिंग पार्क (ETV Bharat)

5 हजार करोड़ का नया फोरलेन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि "नागदा से खाचरौद और जावरा से उज्जैन होते हुए करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से नया फोरलेन हाई-वे बनाया जा रहा है. इससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा. पार्वती-कालीसिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी लिंक परियोजना से मालवा-निमाड़ और चंबल का पूरा क्षेत्र भरपूर सिंचाई की स्थायी सुविधा से लाभान्वित होगा."

'2026 किसानों का साल'

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि "अगले 5 सालों में हम प्रदेश की सिंचाई क्षमता बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर कृषि रकबे तक पहुंचा देंगे. साल 2026 किसानों के कल्याण का साल है. इस दौरान हमारा पूरा फोकस किसानों पर ही रहेगा. किसानों को गेहूं की खरीदी पर हम किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दे रहे हैं. हम किसानों की आय बढ़ायेंगे. किसानों को अन्नदाता से ऊर्जादाता बनायेंगे. इसके लिए प्रदेश के 32 लाख किसानों को सोलर पम्प उपलब्ध करायेंगे."