नेशनल लेवल पर चमका उज्जैन, त्रिनेत्र से निगरानी, स्मार्ट सर्विलांस और पब्लिक सेफ्टी में मिला अवॉर्ड
महाकाल की नगरी उज्जैन में एआई आधारित तंत्र त्रिनेत्र से निगरानी, AI आधारित निगरानी प्रणाली को मिला राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस अवार्ड 2026.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 2:40 PM IST
उज्जैन: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है. शहर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीक आधारित स्मार्ट गवर्नेंस को नई पहचान मिली है. उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा महाकाल मंदिर में लगाए गए त्रिनेत्र सिस्टम एआई आधारित 500 सीसीटीवी कैमरा को लेकर 29वां नेशनल ई-गवर्नेंस अवार्ड मिला है.
प्रतिष्ठित पुरस्कार से जिला कलेक्टर, श्री महाकाल मंदिर प्रशासक और आईटी टीम को जयपुर में सम्मानित किया गया है. यह सम्मान श्री महाकाल मंदिर सहित मंदिर के रुद्रसागर इंट्रीग्रेटेड डेवलोपमेन्ट एरिया के लिए चयन हुआ है.
कलेक्टर और एडीएम को मिला अवार्ड
जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 1 और 2 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित हुआ. सम्मेलन के पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया था. जिसकी थीम 'विकसित भारत 2047' रखा गया था. कार्यक्रम के दूसरे दिन केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और राजस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मौजूद रहे.
जयपुर इंटरनेशनल सेंटर में किया गया सम्मानित
दोनों वरिष्ठ नेताओं के मौजूदगी में राजस्थान के जयपुर इंटरनेशनल सेंटर में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के प्रशासक और एडीएम प्रथम कौशिक को सम्मानित किया गया है. इस दौरान पलाश जैन, सचिन शर्मा सहित उज्जैन की शासकीय आईटी टीम भी मौजूद रही.

उज्जैन में एआई आधारित कैमरे तैयार
महाकालेश्वर मंदिर का त्रिनेत्र (कंट्रोल रूम), जहां से मंदिर के 500 एआई आधारित कैमरे कंट्रोल होते हैं. इसे स्मार्ट सिटी उज्जैन द्वारा तैयार किया गया है. इस अवार्ड के पहले केंद्रीय टीम ने उज्जैन आकर त्रिनेत्र सहित पूरे मंदिर का निरीक्षण किया था. इसके अलावा 13 सदस्यों ने इसका प्रेजेंटेशन देखा था, जिसके बाद रिजल्ट सामने आया है.
- कटनी में दिग्विजय सिंह पर भाजपा का पलटवार, प्रभारी मंत्री और सांसद वीडी शर्मा ने साधा निशाना
- उज्जैन टू अयोध्या, दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पॉलिटिक्स के पीछे आखिर क्या है?
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा, "इस सम्मान को उज्जैन स्मार्ट सिटी की पूरी टीम के समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य के प्रतीक के तौर पर हम ले रहे हैं. भविष्य में भी नागरिक सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस और तकनीक आधारित शहरी विकास के क्षेत्र में ऐसे ही इनोवेशन जारी रहेंगे. यह सम्मान उज्जैन को देश के अग्रणी सुरक्षित, स्मार्ट और तकनीक सक्षम शहरों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है."

