महाकालेश्वर मंदिर में बच्चों को दो बूंद जिंदगी की, दर्शन के साथ स्वास्थ्य लाभ दिला रहे माता-पिता
उज्जैन में 5 साल तक के बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा, राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत मंदिर परिसर में बनाए गए पोलियो बूथ.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 29, 2026 at 11:15 AM IST
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को 3 दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अभियान को आगे बढ़ाने में महाकाल प्रबन्ध समिति भी अपना योगदान दे रही है, जिससे दर्शन के लिए आ रहे भक्त बच्चों को स्वास्थ्य लाभ भी दिला रहे हैं. इस अभियान के पहले दिन श्री महाकालेश्वर मंदिर और श्री महाकाल में 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई. इस दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के बच्चों को भी अभियान से जोड़ा गया.
मंदिर के प्रवेश द्वारों पर बनाए गए पोलियो बूथ
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के निर्देशन में मंदिर परिसर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के छोटे बच्चों को आसानी से पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जा सके. अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग और मंदिर प्रशासन की टीम ने मिलकर व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया.
श्रद्धालुओं को किया गया जागरूक
श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के त्रिवेणी द्वार, अन्न क्षेत्र, नीलकंठ द्वार और शंख द्वार सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं. इन बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दी. मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पहुंचे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई. साथ ही अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन अभियान के महत्व की जानकारी देकर प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने के लिए जागरूक किया गया.

महाकाल मंदिर में 1680 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा
अभियान के पहले दिन उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली. पूरे दिन चले इस विशेष अभियान में करीब 1680 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई. मंगलवार तक यह अभियान जारी रहेगा और मंदिर परिसर में आने वाले सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी.
- प्रेस कॉफ्रेंस में रो पड़ा टाॅपर, CBSE ने बर्बाद कर दिया, सांसद इमरान ने कहा 89 पेपर हो चुके लीक
- ग्वालियर के कबीर सिंह इंडियन व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के नए कैप्टन, 1 साल की उम्र में हुआ था पोलियो
सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया, "अभियान के पहले दिन रविवार को 1680 बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई. लगातार तीन दिन यह अभियान जारी रहेगा. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की प्रत्येक निर्धारित खुराक अवश्य दिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें."

