महाकाल के दरबार में पहुंचे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री, बोले 50 साल बाद दर्शन को आया
उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने पहुंचे त्रिपुरा के सीएम डॉ.माणिक साहा, देश और अपने राज्य के लिए की सुख-समृद्धि की प्रार्थना.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 8:41 PM IST
रिपोर्ट: राहुल सिंह राठौड़
उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर धाम में सोमवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा पहुंचे. उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान मंदिर समिति की ओर से कलेक्टर एवं अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा का स्वागत सत्कार किया. मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा पत्नी के साथ नंदी हॉल में बैठकर शिव साधना की. इसके साथ ही बाबा महाकाल के चौखट से माथा टेक आशीर्वाद लिया.
50 साल बाद दूसरी बार महाकाल के दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ.माणिक साहा ने दर्शन कर अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा, "मैं 50 साल पहले महाकाल के दर्शन करने आया था, तब मैं छोटा था. मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार महाकाल के दर्शन लाभ लिए हैं. हमेशा टीवी स्क्रीन पर महाकाल लोक देखता था, लेकिन आज मौका मिला, तो पत्नी संग उज्जैन आकर बाबा के दर्शन किए." उन्होंने व्यवस्थित तरीके से बाबा महाकाल के दर्शन कराने को लेकर मंदिर समिति का भी धन्यवाद किया.
त्रिपुरा के जनता के लिए मांगी सुख-समृद्धि
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद त्रिपुरा के सीएम डॉ.माणिक साहा ने मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि "बाबा के दर्शन के लिए व्यवस्थाएं काफी अच्छी की गई है. महाकाल के दर्शन कर बहुत अच्छा लगा. देश और त्रिपुरावासियों के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी भगवान महाकाल के आशीर्वाद से जनहित में कार्य करते रहें और शक्ति मिलती रहे इसकी कामना करता हूं.

- होली पर स्किन केयर जरूरी, केमिकल वाले रंगों से त्वचा को हो सकता है नुकसान
- बड़बोलिया को नहीं जला पाती होलिका दहन की आग, राख से निकाल घर ले आते हैं ग्रामीण
मध्य प्रदेश शासन के मंत्री ने भी किया बाबा के दर्शन
मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री और खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने रविवार को महाकाल के दर्शन का लाभ लिया. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का मंदिर प्रबंध समिति द्वारा स्वागत एवं सत्कार किया गया. वहीं, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन लाभ लिए. उनका भी मंदिर प्रबंध समिति द्वारा स्वागत एवं सत्कार किया गया.


