अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरी दुनिया देखेगी श्री महाकाल लोक की भव्यता और दिव्यता
इस बार 21 जून अंतरराष्ट्रीय दिवस उज्जैन जिला प्रशासन के लिए खास है. राज्य सरकार के निर्देश पर व्यापक तैयारियां.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 6, 2026 at 12:31 PM IST
उज्जैन : मध्य प्रदेश सरकार ने योग को भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से जोड़ने की पहल की है. इसका उद्देश्य दुनिया को योग के साथ ही भारतीय अध्यात्म की शक्ति को महसूस कराना है. विश्व योग दिवस 21 जून को इस बार भारत अपनी प्राचीन योग परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का संदेश दुनिया तक एक अनूठे अंदाज में पहुंचाने जा रहा है. उज्जैन स्थित श्री महालोक लोक योग दिवस के आयोजन का विशेष केंद्र बनने जा रहे हैं.
योग दिवस के लिए श्री महाकाल लोक प्रस्तावित
मुख्य सचिव अनुराग जैन के निर्देशन में बुधवार को हुई वीसी के बाद उज्जैन जिला प्रशासन, मंदिर समिति ने तैयारिया शुरू कर दी हैं. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने ETV भारत से चर्चा में कहा " 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए उज्जैन में भी तैयारियां शुरू की गई हैं. हमने कई जगह आइडेंटिफाई की, जिसमे श्री महाकाल लोक प्रस्तावित है. देश और विदेश में योग की जीवनशैली का संदेश देने के लिए जल्द ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार की जाएगी."
भगवान शिव ने दिया सप्त ऋषियों को योग का ज्ञान
श्री महाकाल मंदिर के पुजारी महेश गुरु का कहना है "भगवान शिव को तो योग का प्रथम गुरु कहा गया है. अनेक नामों में आदि योगी भगवान शिव का नाम है. योग का सीधा संबंध भगवान शिव से है. भगवान ने सबसे पहले योग का ज्ञान सप्त ऋषियों को दिया, जिनकी प्रतिमाएं श्री महाकाल लोक में स्थापित हैं. महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उसी आदि योगी की दिव्य चेतना का प्रतीक है. ऐसे में उन सप्त ऋषियों और महाकाल की ऊर्जा में हजारों लोग जब योग करेंगे तो वह केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं अध्यात्म के साथ आत्मा, मन और चेतना के संतुलन का संदेश दुनिया के लिए होगा."

- श्री महाकाल लोक में अब न धूप सताएगी और न बारिश, पूरे दर्शन मार्ग में लगेगा फैब्रिकेशन शेड
- नए रूपरंग में दिखेगा श्री महाकाल लोक, हर मूर्ति पर लगाया जा रहा QR कोड, जानिए क्यों
पहली बार श्री महाकाल लोक का चयन
अब तक शहर में योग कार्यक्रम कालिदास अकादमी परिसर में होता रहा है, यहां अभी डोम निर्माण चल रहा है. दशहरा मैदान में बारिश के दौरान कीचड़ होने से दिक्कतें आती हैं. इसलिए श्री महालोक में योग का आयोजन प्रस्तावित है. 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन भी होने जा रहा है, इसमें आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हेबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से सुबह 6:15 बजे से 7: 35 बजेतक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन होना है. इसमें इच्छुक लोग टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं.

