5 लाख रुद्राक्ष 11 हजार डमरूओं से सजेगा महाकाल धाम, नववर्ष पर बाबा का होगा भव्य श्रृंगार
नववर्ष पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर का होगा दिव्य श्रृंगार, गुजरात राइडर्स ग्रुप के 108 मेंबर 5 लाख रुद्राक्ष और 11000 डमरूओं सजाएंगे मकाहाल लोक.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 30, 2025 at 8:43 PM IST
उज्जैन: नव वर्ष 2026 के खास मौके पर 10 लाख दर्शनार्थियों के महाकालेश्वर मंदिर आने का अनुमान है. वहीं दूसरी और मंदिर समिति बाबा महाकाल के मंदिर की भव्यता को बढ़ाने के लिए सजा सज्जा में कोई कसर नहीं छोड़ रही. गुजरात के बड़ोदरा से मंदिर आया 108 युवा सदस्यों का ग्रुप नववर्ष को ध्यान में रख मंदिर समिति के माध्यम से 5 लाख रुद्राक्ष और 11 हजार डमरूओं का उपयोग कर महाकाल लोक में बने 108 स्तंभों को सजा रहा है.
सजा रहा बाबा महाकाल का धाम
108 युवा सदस्यों के इस ग्रुप की खास बात यह है इनमें से 51 बाइक राइडर्स हैं. इससे पहले ये सभी श्रावण के महीने में केदारनाथ धाम को सुसज्जित कर चुके हैं. मंदिर में साज सज्जा 31 दिसंबर की रात 12 बजे तक पूरी करने की बात ग्रुप के सदस्यों ने कही है. वहीं नए साल पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान रखते हुए प्रशासन ने भी कमर कस ली है. ट्रैफिक से लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की गई है.
51 बाइक राइडर्स हैं ग्रुप में
ग्रुप के सदस्य मेहुल ने कहा, "युवा पीढ़ी को 31 दिसंबर और 1 जनवरी के दिन वेस्टर्न कल्चर से दूर रख सनातन के लिए एकजुट करने का संदेश देने के लिए आज से 2 साल पहले गुजरात के वडोदरा से डमरू फाउंडेशन संस्था की शुरुआत की गई थी. 108 सदस्यों के इस ग्रुप में 51 बाइक राइडर्स हैं. हमारा संकल्प है 12 ज्योतिर्लिंग धाम जाकर डमरू और रुद्राक्ष से सुशोभित करना. श्रावण महीने में पहली बार केदारनाथ धाम को हमने सुशोभित किया. अब ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर धाम को सुशोभित करने का मौका मिला है."

- अभिनेत्री नुसरत भरुचा ने महाकाल मंदिर समिति की खूब तारीफ, 5 जनवरी तक प्रोटोकॉल दर्शन बंद
- अरबपति हुए बाबा महाकाल! मंदिर को मिला करोड़ों कैश और भर भर के सोना चांदी
मंदिर को सजाने में 9 लाख हो रहे खर्च
टीम के मेंबर नरेंद्र शाह ने बताया, "हमारा काम सोमवार की रात से शुरू हो गया है. मंदिर के कुल 4 गेट मुख्य प्रवेश द्वार, मंदिर का शिखर, कॉरिडोर में 108 स्तंभ को रुद्राक्ष, डमरू, बेल, झूमर व अन्य से सामग्री से मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है. पूरी टीम मिलकर ही इस खर्च को वहन कर रही है. टीम का कोई सदस्य 5000, तो कोई 10000 रुपए दिया है. इस तरह से एकत्रित करते राशि जुटाई है और सेवा भाव के साथ कार्य कर रहे हैं. इस डेकोरेशन में लगभग 09 लाख रुपए खर्च होने वाला है. सभी बाबा महाकाल को समर्पित है. उन्हीं के आशीर्वाद से ये कार्य करने की प्रेरणा मिली है."

