उज्जैन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 400 किलो नकली मावा किया जब्त, फैक्ट्री सीज
उज्जैन में मिलावटखोरों के खिलाफ कलेक्टर ने की कार्रवाई, मिलावटी मावा जब्त कर फैक्ट्री को किया सील.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : October 20, 2025 at 12:25 PM IST
उज्जैन: त्योहार के सीजन में मिलावट की खबरें खूब देखने मिलती है. वहीं उज्जैन में मिलावटखोरों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने थाना चिमनगंज पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. क्षेत्र में संचालित एक मावा उद्योग को सीज कर 400 किलो नकली मावा व सामग्री जब्त कर जेसीबी से नष्ट करवाया.
मिलावटी मावा हो रहा था तैयार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा के अनुसार चिमनगंज थाना टीम के सहयोग से गांव बदरखां बैरसिया में बिना लाइसेंस के बनाए जा रहे मिलावटी मावे और नकली मावा बनाने वाली खाद्य सामग्री को जब्त कर जेसीबी से नष्ट करवाया गया. मौके पर रिजवान पटेल द्वारा अपने मकान में मावा भट्टी व बाॅयलर स्थापित कर अवैध रूप से मिलावटी मावे का निर्माण किया जा रहा था. रिजवान पटेल द्वारा मिलावटी मावा तैयार करने में स्किम्ड मिल्क पावडर व वनस्पति का उपयोग भी किया जा रहा था. मिलावटी मावा तैयार कर शाजापुर के व्यापारी को भी बस से भेजा जा रहा था.
उज्जैन प्रशासन ने जब्त किया मावा
संयुक्त जांच दल द्वारा रिजवान पटेल से मिलावटी मावा लगभग 20 किलोग्राम व इसके निर्माण में उपयोग की जाने वाली खाद्य सामग्री वनस्पति 160 किलोग्राम और स्किम्ड मिल्क पावडर 225 किलोग्राम जब्त किया है, जिसकी जांच के लिए नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है. नमूना कार्रवाई के बाद बची हुआ जब्त खाद्य सामग्री लगभग 400 किलोग्राम अनुमानित मूल्य 1 लाख रुपए को जेसीबी के माध्यम से नष्ट कराया गया. विभाग ने रिजवान पटेल के मावा निर्माण स्थल व भट्टी को सील किया है.

- गुना में डाक विभाग के अनुबंधित वाहन से 20 क्विंटल मावा जब्त, नकली होने का शक
- दिवाली से पहले शहर में हो रही मिलावटी मावे की सप्लाई, 200 किलो मावा जब्त
इस अधिनियम में हुई कार्रवाईं
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि "प्रकरण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई के अतिरिक्त पुलिस थाना चिमनगंज मण्डी द्वारा रिजवान पटेल के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है. इसके अलावा जिले में 50 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, दुकानों से सामग्रियों के सैंपल लेकर जब्ती व नष्ट करने की कार्रवाई की गई."

