उज्जैन में फायर सेफ्टी अधिकारी पर हमला, जांच के दौरान होटल मालिक ने मारा कई थप्पड़
उज्जैन महाकाल मंदिर क्षेत्र में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारी, होटल मालिक ने अधिकारी को जड़े थप्पड़.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 5:00 PM IST
उज्जैन: महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित होटलों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक होटल संचालक के पुत्र विकास अरोन्या ने जांच का विरोध करते हुए फायर अधिकारी लक्ष्मण साहू पर हमला कर दिया. घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी विकास अरोन्या अधिकारी को लगातार थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विकास अरोन्या के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
अग्नि सुरक्षा की जांच करने पहुंचे अधिकारी पर हमला
राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद उज्जैन नगर निगम द्वारा महाकाल मंदिर क्षेत्र के आसपास स्थित छोटे-बड़े होटलों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत बुधवार को प्रभारी फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू अपनी टीम के साथ जयसिंहपुरा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू की.
आरोपी के तलाश में जुटी पुलिस
निरीक्षण के दौरान साहू ने अपने साथ आए कर्मचारी आशीष भाटी को पुलिस बल बुलाने के लिए थाना महाकाल भेज दिया. इसके बाद वे होटल के रिसेप्शन पर मौजूद व्यक्ति से फायर एनओसी, फायर ऑडिट रिपोर्ट, भवन निर्माण अनुमति और अन्य अग्नि सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ले रहे थे. इसी दौरान होटल संचालक मनोहरलाल अरोन्या का पुत्र विकास अरोन्या मौके पर पहुंचा और कथित रूप से फायर अधिकारी का पहचान पत्र छीन लिया. इसके बाद अधिकारी के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी विकास अरोन्या के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
शासकीय दस्तावेज क्षतिग्रस्त
प्रभारी फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू ने बताया, "निरीक्षण के दौरान आरोपी विकास अरोन्या ने उनकी मेज पर रखा वायरलेस सेट, कार्बन पेपर और अन्य शासकीय दस्तावेज उठाकर बाहर फेंक दिए, जिससे वायरलेस सेट क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद आरोपी ने अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए लगातार चार थप्पड़ मारे. इस हमले में साहू के चेहरे, सिर और बाईं आंख में चोटें आईं. आरोपी ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि शासकीय कार्य में भी बाधा पहुंचाई."
कार्य में बाधा और मारपीट का मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने पूरे मामले की जानकारी सहायक आयुक्त अग्निशमन राघवेंद्र सिंह पालिया, उपायुक्त संजेश गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और अपर आयुक्त अग्निशमन विभाग संतोष टैगोर को दी. इसके बाद आरोपी विकास अरोन्या के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया गया.
- हाथ जोड़ छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहा युवक, जबलपुर में शख्स की बेरहमी से पिटाई के बाद बनाया वीडियो
- कोलारस थाने में पीड़ित युवक ने वीडियो बनाया तो टूट पड़े पुलिसकर्मी, जमकर पीटा
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया, "आरोपी विकास के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित चार अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है. अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. जल्द ही गिरफ्तार का उसे कोर्ट में पेश करेंगे."

