फाइन आर्ट्स से बनाई ऐसी चीजें, जो अजूबा से कम नहीं, रिकॉर्ड में हुईं दर्ज
उज्जैन के फाइन आर्ट्स के स्टूडेंट्स बना रहे लगातार रिकॉर्ड. अपेक्षा, राशि और वंश गोरे ने इलायची, शंख जैसी छोटी चीजों पर बनाईं कलाकृतियां.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 2:15 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 2:50 PM IST
उज्जैन: सूक्ष्म कला के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाले कलाकारों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना कर उज्जैन ही नहीं पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है. कलाकारों ने इलायची पर गौतम बुद्ध, शंख पर अष्टविनायक और कमल के बीज पर सीता राम की खास कलाकृतियां बनाई हैं. जिन कलाकारो ने ये कमाल किया उनमें से वंश गौरे ने कमल के बीज पर सीता राम, राशि निगम ने अष्टविनायक, अपेक्षा गुखरू ने गौतम बुद्ध की तस्वीर बनाई है. सभी कलाकारों से ईटीवी भारत ने चर्चा की और उभरते हुए कलाकारों को उनकी कलाकृतियों को देश दुनिया के सामने लाने का एक छोटा सा प्रयास किया है. आइए आपको मिलवाते है सभी कलाकारों से.
फाइन आर्ट्स कॉलेज के छात्र-छात्रों का कमाल
ये तीनों ही छात्र-छात्राएं शहर के एक निजी फाइन आर्ट्स कॉलेज में अध्ययनरत हैं. शहर के उभरते कलाकार बारीक और लघु कलाकृतियां तैयार कर रहे हैं, जो कि अपने आप में अत्यंत कठिन काम हैं. तीनो ने अलग अलग समय में धैर्य, कौशल और एकाग्रता से कलाकृतियां तैयार की हैं. तीनों कलाकारों की अनोखी कलाकृति भारतीय संस्कृति के प्रति गहरे जुड़ाव और उत्कृष्ट कलात्मक क्षमता को दर्शा रही है.
शंख पर भगवान गणेश के अष्टस्वरूप
राशि निगम उम्र 20 वर्ष निवासी इंदिरा नगर आगर मार्ग ने बताया वह बीएफए बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स की सेकंड ईयर की छात्रा है. राशि ने कहा मेरी "5 सेमी के शंख पर भगवान गणेश के अष्टस्वरूप की एक्रेलिक कलर से 30 मिनट में सबसे छोटी आकृति श्रेणी में अष्टविनायक को उकेरा है. वर्ल्ड वाइड बुक, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, यूनिक बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी नाम दर्ज हुआ है." जनवरी माह में राशि ने इसे बनाया था फरवरी माह में राशि को सिलेक्शन का कॉल, ईमेल मिला साथ ही सर्टिफिकेट और मेडल भी मिल गया. राशि ने कहा कॉलेज के टीचर्स माता-पिता प्रेरणा रहे हैं. हमेशा ही मोटिवेट करते रहते हैं.


इलायची पर गौतम बुद्ध
अपेक्षा गोखरू (जैन) ने बताया उसकी उम्र 19 वर्ष है. बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स की फर्स्ट ईयर की छात्रा है और शहर के कनीपुरा मार्ग पद्मावती एवेन्यू में रहती है. अपेक्षा ने कहा मेरी "इलायची पर गौतम बुद्ध की सूक्ष्म आकृति श्रेणी में कलाकृति वर्ल्ड वाइड बुक में दर्ज की गई है, जो कि पोस्टर कलर से फरवरी माह में मैंने इसे बनाया था. फरवरी में ही सिलेक्शन का कॉल मिला अब 1 माह बाद सर्टिफिकेट मिलेगा. कॉलेज के टीचर्स माता-पिता प्रेरणा रहे. हमेशा ही मोटिवेट करते रहते हैं."

- मूंगफली-काजू पर उतार दी शिव-पार्वती की आकृति, उज्जैन की 2 बेटियों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
- कांच की बोतलों से रिकॉर्ड बनाने वाले त्रिलोक का नया कारनामा, रुद्राक्ष से बनाया 6 फीट का शिवलिंग
कमल के बीज पर सीताराम
वंश गोरे ने बताया "वह फाइन आर्ट्स का सेकंड ईयर का छात्र है. शहर के विनायक ग्रीन सिटी आगर रोड कॉलोनी निवासी है. सीता राम जी की सबसे छोटी पेंटिंग एक कमल के बीज पर बनाई है, जो इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड और वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड साथ ही यूनिक बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल हुई है. एक 1.5 सेंटीमीटर के कमलगट्टे पर भगवान राम और सीता माता की कलाकृति बनाई है जो कि बिना मैग्नीफाइंग ग्लास के है."



