बहू से बेटी बन विदा हुई प्रियंका, ससुर ने विदिशा में कराई दूसरी शादी, खुद किया कन्यादान
उज्जैन में कैंसर से बेटे की मौत के बाद ससूर ने कराई बहू की दूसरी शादी, दुल्हन प्रियंका के पिता बोले- कल्पना नहीं की थी समधी इतने प्यार से बेटी को विदा करेंगे

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 11:12 PM IST
|Updated : July 9, 2026 at 8:36 AM IST
उज्जैन: जैथल गांव निवासी दिनेश वैरागी ने काफी परेशानियों के बीच 2 साल तक बहू के लिए योग्य वर तलाश कर शादी कराई है. उनके इस कार्य की काफी प्रशंसा हो रही है. दिनेश वैरागी के बेटे को कैंसर था, जिसके कारण करीब 3 साल पहले उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसकी पत्नी विधवा हो गई, लेकिन ससुर एक बहू को ऐसी जिंदगी बिताने देना नहीं चाहता था. इसलिए एक योग्य वर ढूंढ उसकी रिश्ता तय किया और शादी कर विदाई कर दी.
बेटी की तरह बहू की कराई शादी
भोपाल के एक रिसॉर्ट में करीब 350 मेहमानों के बीच रस्मो-रिवाज के साथ एक अनोखी शादी हुई. जिसमें दिनेश ने खुद पिता की तरह बहू प्रियंका का कन्यादान किया. इस पूरी शादी के कार्यक्रम और अन्य खर्च भी उन्होंने खुद उठाया. इस पर प्रियंका के पिता रामबाबू ने बताया कि "कल्पना नहीं की थी कि समधी इतनी गरिमा से मेरी बेटी को विदा करेंगे." वहीं, दूल्हा गोविंद ने भी इस रिश्ते को सम्मान के साथ स्वीकार किया. वह खंडवा में नौकरी करता हैं.
2023 में पति कपिल की हो गई थी मृत्यु
प्रियंका के पिता रामबाबू ने कहा, "बेटी की शादी 2018 में उज्जैन के जैथल गांव के कपिल से की थी. तब उसकी उम्र सिर्फ 19 साल थी. कुछ साल बाद कपिल को कैंसर हो गया, एक साल इलाज चला. हमें लगा था कि सब ठीक हो जाएगा, लेकिन 2023 में वह हमें छोड़कर चला गया. उस समय सबसे बड़ी चिंता यही थी कि अब बेटी का क्या होगा. लेकिन, उसके ससुर दिनेश वैरागी ने उसे कभी अकेला नहीं होने दिया. बहू बनाकर लाये थे, बेटी बनाकर विदा किया."

- गोदी में दुल्हन उठाए दूल्हा पहुंचा मंडप, इंदौर में पानी बरसते में हुई शादी
- मध्य प्रदेश के अनोखे गांव, गौहत्या के बाद 12 साल नहीं बजी शहनाई, चौखट से विदा नहीं होती बेटियां
पूरे जीवन बहू को अकेले बिताने नहीं देना चाहते थे ससुर
दिनेश वैरागी अपनी बहू को पूरे जीवन अकेले बिताने नहीं देना चाहते थे. इसलिए वे बहू के लिए रिश्ता ढूंढते रहे. इसी बीच विदिशा के अटारीखेड़ा निवासी गोविंद का रिश्ता आया तो दिनेशजी खुद उनके घर गए और बातचीत करने के बाद रिश्ता तय हो गया. इसके बाद भोपाल के रिसॉर्ट में प्रियंका की शादी हुई.

