ETV Bharat / state

महाकाल मंदिर में गूगल मैप से क्राउड मैनेजमेंट, खाली रास्तों से सीधे पहुंचेंगे पार्किंग स्थल

उज्जैन में न्यू ईयर पर महाकाल के दर्शन करने बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, सुरक्षा के लिए 200 सीसीटीवी, 5 ड्रोन, 1200 पुलिसकर्मी तैनात.

UJJAIN NEW YEAR MAHAKAL DARSHAN
महाकाल के दर्शन करने बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 31, 2025 at 5:22 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

उज्जैन: बाबा महाकाल के दर्शन करने इन दिनों भारी संख्या में लोग आ रहे हैं. बीते 8 दिनों में करीब 10 लाख श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे. इसके साथ ही नए साल के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों के आने का अनुमान है. इसके लिए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. वहीं, क्राउड मैनेजमेंट के लिए उज्जैन पुलिस ने गूगल मैप का भी सहारा लिया है और थर्ड पार्टी की सहायता से दर्शनार्थियों को वह रूट बता रहा है, जिस पर कम भीड़ हो.

सामान्य दिनों से दोगुना पहुंच रहे फोर व्हीलर

सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया "देश दुनिया के अलग-अलग क्षेत्र से बड़ी संख्या में दर्शनार्थी फ्लाइट, बस, ट्रेन, निजी वाहनों और अन्य माध्यमों से साल के अंतिम दिनों में बाबा महाकालेश्वर के दर्शन और अन्य तीर्थ स्थलों पर उज्जैन पहुंच रहे हैं. नववर्ष पर भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों का आने का अनुमान है. सामान्य दिनों में जहां फोर व्हीलर 6000 की संख्या में हर रोज उज्जैन आते हैं, वो इन दिनों 12000 तक हो गई है. ऐसे में सभी को पार्किंग तक पहुंचाना, सुरक्षित निकालना बड़ा टास्क है. उसे आसान करने के लिए हमने गूगल मैप का सहारा लिया है."

महाकाल मंदिर में गूगल मैप से क्राउड मैनेजमेंट (ETV Bharat)

कैसे काम कर रहा ये गूगल मैप

सीएसपी राहुल देशमुख ने कहा, "क्राउड मैनेजमेंट के लिए हमने गूगल मैप की तकनीक में गुरुग्राम की इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी कंपनी, साइबर टीम और पुलिस की 10 सदस्यों की टीम बनाई है. जिसकी मदद से अपने अनुसार मैप में बदलाव कर उसका उपयोग करना शुरू किया है. हैवी ट्रैफिक वाले रोड को ब्लॉक कर मंदिर की और आने वाले दर्शनार्थियों को शहर में प्रवेश करने से रोका है. ये टीम जाम वाले रास्तों को मैप से ब्लॉक कर तत्काल वैकल्पिक मार्गो को दिखाती है, जिससे लोगों का समय बच रहा है. ये वो वैकल्पिक मार्ग होते हैं, जो सीधा पार्किंग तक ले जाते हैं और शहरी क्षेत्र में बेवजह जाने से रोकते हैं."

Mahakal Temple Crowd management
महाकाल मंदिर में गूगल मैप से क्राउड मैनेजमेंट (Ujjain Police)

सुरक्षा के लिए 1200 पुलिसकर्मी तैनात

एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा, "प्राथमिक तौर पर आइडिया सफल होता नजर आ रहा है. कुछ टेक्निकल इशू है, जिसे शॉर्ट आउट कर सिंहस्थ 2028 में लागू करने का प्लान किया जा सकता है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 200 सीसीटीवी 5 ड्रोन से निगरानी और 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए है. श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र में अलग-अलग चौराहों पर चेकिंग पॉइंट भी बनाये गए है, जहां हुड़दंगियों को रोक रहे है और शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को भी चेक कर रहे हैं."

4 पहिया वाहन पार्किंग व्यवस्था

ट्रैफिक डीएसपी दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि "शहर में यात्रियों और दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए 6 मुख्य पार्किंग है. हरिफाटक चौराहा से चारधाम टर्निंग तक नगर निगम द्वारा बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

Crowd management using Google Maps
सामान्य दिनों से दोगुना महाकाल मंदिर पहुंच रहे फोर व्हीलर (Ujjain Police)

इंदौर, देवास और मक्सी मार्ग से आने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा, हरिफाटक चौराहा, लालपुल टर्निंग पॉइंट से कर्कराज पार्किंग, इंटरप्रिटेशन पार्किंग एवं भील समाज पार्किंग में पार्क कर रहे है. इन पार्किंग स्थल के भरने की स्थिति में हरिफाटक चौराहा स्थित मन्नत गार्डन पार्किंग, इंपीरियल होटल के पीछे पार्किंग व हरिफाटक ब्रिज के नीचे पार्किंग का उपयोग किया जा रहा है.

बड़नगर एवं नागदा मार्ग से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज, मुरलीपुरा, शंकराचार्य चौराहा होते हुए कार्तिक मेला मैदान में पार्क कर रहे है. आगर मार्ग से आने वाले वाहन शहर के मकोड़ियाआम, खाक चौक, जाट धर्मशाला, जूना सोमवारिया होते हुए कार्तिक मेला मैदान में पार्किंग कर रहे हैं. कार्तिक मेला मैदान भरने पर वाहनों को कृषि उपार्जन मैदान में पार्क कराया जा रहा है.