साउथ स्टार नयनतारा, लीला और दिव्या दत्ता महाकाल के दर पर, बाबा से मांगा वरदान
बाबा महाकाल के दर्शन के लिए अभिनेत्रियों का लगा तांता, बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री दिव्या दत्ता, अभिनेत्री नयनतारा और लीला ने टेका माथा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 10, 2025 at 1:18 PM IST
|Updated : November 10, 2025 at 4:17 PM IST
उज्जैन: बाबा महाकाल के दर्शन का लाभ लेने के लिए फिल्म अभिनेता और अभिनेत्रियों का तांता लगा रहता है. रविवार को साउथ की मशहूर फिल्म अभिनेत्री नयनतारा और लीला बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची थीं, तो वहीं सोमवार की सुबह दद्योदक आरती में बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री दिव्या दत्ता दर्शन लाभ लेने पहुंचीं. नयनतारा ने रविवार को श्री चिंतामण गणेश मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में भी शिरकत किया और वर वधू से मिलकर शुभकामनाएं दीं.
लाइट एंड साउंड शो में दिव्या दत्ता की है आवाज
मंदिर के सहायक प्रशासक एवं पीआरओ आशीष फलवाड़िया ने कहा, "प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने सोमवार अल सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में दद्योदक आरती में सम्मिलित होकर भगवान श्री महाकालेश्वर का दर्शन किया. अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने मंदिर परिसर में श्री कोटेश्वर महादेव जी का भी पूजन किया. पूजन पुजारी अर्पित गुरु द्वारा संपन्न करवाया गया."
भगवान महाकाल के एकदम करीब
अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने कहा "मुझे अंदाजा नहीं था कि मैं आरती में शामिल हो पाऊंगी, ऐसा लग रहा था जैसे मैं भगवान महाकाल के एकदम करीब हूं. बहुत अच्छा महसूस हो रहा है. मेरा सौभाग्य है कि मैंने यहां होने वाले लाइट एंड साउंड शो में अपनी आवाज दी है."

सामूहिक विवाह में शामिल हुईं अभिनेत्री
मंदिर पीआरओ आशीष ने यह भी बताया कि "प्रसिद्ध अभिनेत्री नयनतारा और अभिनेत्री लीला ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर भगवान श्री महाकालेश्वर का दर्शन लाभ प्राप्त किया. इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया द्वारा उनका सम्मान किया गया. पूजन पुजारी आकाश गुरु एवं आदेश गुरु द्वारा करवाया गया."
नयनतारा ने चिंतामण गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान की पूजा अर्चना की
चिंतामण गणेश मंदिर प्रशासक अभिषेक शर्मा ने बताया कि "मशहूर अभिनेत्री नयनतारा ने रविवार को रामायण कालीन श्री चिंतामण गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान श्री चिंतामण गणेश के दर्शन कर पूजा अर्चना की. इस मौके पर भगवान श्री चिंतामण गणेश मंदिर पर वर्ष भर विवाह आयोजित किए जाने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मौजूद नवविवाहितों से मिलीं और उनको भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी."

- बाबा महाकाल के धाम में मना वंदे मातरम का 150वां वर्ष, ओलंपिक खिलाड़ी सीमा पुनिया ने किए दर्शन
- ऐसी परंपरा जो 400 वर्षों से चल रही है, इसमें शामिल होने देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं पन्ना
अति प्राचीन भगवान श्री चिंतामण गणेश मंदिर में भगवान श्री चिंतामण, श्री इच्छामण गणेश और श्री सिद्धिविनायक गणेश तीन स्वरूप में है. मंदिर में मुहूर्त के अधिपति गणेश का स्थान है. इस कारण से यहां वर्षभर विवाह का शुभ मुहूर्त होता है. जैसे ही ये जानकारी अभिनेत्री नयनतारा को मिली तो वे श्री चिंतामण गणेश मंदिर प्रांगण में रविवार को आयोजित हो रहे विवाह कार्यक्रम में पहुंचीं."
मां बगलामुखी मंदिर पहुंचीं नयनतारा
आगर मालवा: रविवार देर रात साउथ फिल्म इंडस्ट्री की प्रसिद्ध अभिनेत्री नयनतारा और उनकी सह-कलाकार लीला नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की. मंदिर के पुजारियों द्वारा दोनों अभिनेत्रियों को वैदिक विधि-विधान से पूजन करवाया गया.
दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. दोनों अभिनेत्रियों ने मां बगलामुखी के चरणों में माथा टेकते हुए देश-प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूजा के पश्चात उन्होंने कुछ समय मंदिर प्रांगण में बिताया और वहां के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया.

