मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों की खैर नहीं, उज्जैन में 5 लाख के साइलेंसर पर चला बुलडोजर
उज्जैन पुलिस का मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर वाले वाहनों के खिलाफ एक्शन. 5 लाख तक के मॉडिफाइड साइलेंसर पर चलाया बुलडोजर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : October 27, 2025 at 10:26 PM IST
उज्जैन: शहर में इन दिनों दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और चारपहिया वाहनों में हूटर लगाने वाले चालकों के विरुद्ध पुलिस एक्शन में है. उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई कर रही है. सोमवार को पुलिस ने शहर से ऐसे 50 लोगों को वाहनों समेत दबोचा है जो शहर में उत्पात मचा रहे थे. पकड़े गए वाहनों में लाखों रुपए के मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर लगाए गए थे. पुलिस ने 5 लाख तक के मॉडिफाइड साइलेंसरों पर शहर के टावर चौक पर बुलडोजर चलाया है और चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है.
क्या जानलेवा हो सकते हैं ये साइलेंसर?
शहर भर में मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर लगाकर घूमने वाले ये वाहन चालक अलग-अलग तरह की आवाज निकालते हुए राहगीरों को परेशान करते हुए दिखाई देते हैं. इन साइलेंसरों की आवाज इतनी तेज होती है कि उसमें से आग और तेज धुंआ भी निकलता है, जो किसी की भी जान के लिए खतरा साबित हो सकता है. इनकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
अब तक 32 लाख के हूटर और साइलेंसर किए नष्ट
एएसपी नितेश भार्गव, ट्रैफिक डीएसपी दिलीप सिंह परिहार और विक्रम सिंह कनपुरिया ने बताया "एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में पिछले डेढ़ सालों में 3 बार कार्रवाई कर चुके हैं, जिसमें अभी तक लगभग 32 लाख के साइलेंसर और हूटर नष्ट किए गए हैं. कई वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है."
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "3 अप्रैल, 2024 को 12 लाख कीमत के 110 मॉडिफाइड साइलेंसर, 20 अक्टूबर 2024 को 15 लाख कीमत के मॉडिफाइड साइलेंसर और आज 27 अक्टूबर को 50 वाहनों के 5 लाख के मॉडिफाइड साइलेंसरों को नष्ट किया गया."
पुलिस ने चालकों को सिखाया था सबक
बीते दिनों उज्जैन की माधव नगर थाना पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बुलेट चालकों को पकड़कर सबक सिखाया था. थाना परिसर में साइलेंसर के पास चालक को जमीन पर बैठाकर पुलिस ने पटाखे फोड़े और आमजन को होने वाली परेशानी का बुलेट चालकों को एहसास करवाया था. इतना ही नहीं पुलिस ने चालकों को थाना क्षेत्र के फ्रीगंज मार्केट में बुलेट लेकर पैदल घुमाया था.

हेलमेट पहनने को अनिवार्य करने जा रही है पुलिस
उज्जैन पुलिस अब 2 पहिया वाहन चालकों के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने का नियम लागू करने जा रही है. एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया, "सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देशभर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए 2 पहिया चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करने हेतु दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
सड़क दुर्घटनाओं के चिंताजनक आंकड़े हैं. वर्ष 2024 में मध्य प्रदेश में कुल 56,669 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं. इन दुर्घटनाओं में 13,661 लोगों की मृत्यु हो गई थी. कुल मृतकों में से 53.8 फीसदी दोपहिया वाहन चालक थे. इन मृतकों में से 82 फीसदी लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनकी मृत्यु हुई."
- सहन हो रहा है, पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वालों की ऐसे निकाली हीरोगिरी
- रतलाम ट्रैफिक पुलिस ने टशनबाज बाइकर्स के अरमान रोड पर किए चकनाचूर
पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान
हेलमेट पहनने की जागरूकता को लेकर उज्जैन पुलिस द्वारा 15 दिवसीय (22 अक्टूबर से 05 नवम्बर) हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. लगभग 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, उज्जैन पुलिस मित्र तथा अलग-अलग बाइकर ग्रुप सक्रिय रूप से शामिल हुए और हेलमेट पहन जागरूकता रैली निकाली.
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि "मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 129 के अनुसार, दो पहिया वाहन पर सवार प्रत्येक व्यक्ति (04 वर्ष से अधिक आयु का), चाहे वह चालक हो या पीछे बैठा व्यक्ति, सार्वजनिक स्थानों पर वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है. केवल पगड़ी धारण करने वाले सिख समुदाय को इस नियम से छूट दी गई है."

