ETV Bharat / state

भीषण गर्मी और हीट वेव का खतरा, इस जिले में बदला स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय

बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए डीएम ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदला.

UTTARAKHAND FACES HEAT WAVE THREAT
भीषण गर्मी और हीट वेव का खतरा (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 28, 2026 at 8:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है.

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है.

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, प्री-नर्सरी कक्षाओं और सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है. आदेश के तहत, 29 अप्रैल से आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-नर्सरी कक्षाओं का संचालन सुबह 07:30 बजे से सुबह 11:00 बजे तक किया जाएगा.

UTTARAKHAND FACES HEAT WAVE THREAT
उधम सिंह नगर डीएम ने जारी किया आदेश (PHOTO- जिला प्रशासन)

वहीं कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों का संचालन सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सुनिश्चित किया गया है. प्रशासन का मानना है कि इससे बच्चों को तेज धूप और लू के प्रकोप से बचाया जा सकेगा.

आदेश में विशेष रूप से शिशुओं, विद्यार्थियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को ध्यान में रखा गया है. साथ ही सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें.

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

प्रशासन ने अभिभावकों और आमजन से भी अपील की है कि वे भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें.

गौर है कि इससे पहले भी डीएम की तरफ से जारी आदेश में 22 अप्रैल से आगामी एक सप्ताह तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-नर्सरी कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक करने का आदेश दिया था. इसके अलावा कक्षा 1 से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया था.

ये भी पढ़ें: