ETV Bharat / state

बड़ा हादसा : उदयपुर में ट्रेलर से भिड़ी तेज रफ्तार बस, सीटें टूटकर सड़क पर गिरीं, 3 की मौत और 10 घायल

राजस्थान के उदयपुर में NH-48 पर ओवरटेक के दौरान मेनार डाक बंगले के पास हादसा हुआ. चालक फरार, पुलिस ने जांच शुरू की.

Road Accident In Udaipur
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 26, 2026 at 8:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: जिले में बुधवार शाम नेशनल हाईवे-48 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार प्राइवेट बस ओवरटेक करते समय ट्रेलर से जा भिड़ी. हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा मेनार डाक बंगले के पास हुआ.

खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि बस चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ से करीब 35 यात्रियों को लेकर उदयपुर आ रही थी. मेनार डाक बंगले के सामने चालक ने तेज गति में आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान संतुलन बिगड़ा और बस ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की छत और कंडक्टर साइड का पूरा हिस्सा उखड़ गया. कई सीटें टूटकर सड़क पर जा गिरीं. बस में चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची.

पढ़ें: कांवड़ियों के साथ बाइक पर आ रहे तीन युवकों को ट्रक ने कुचला, दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से उदयपुर के अस्पतालों में पहुंचाया गया. मृतकों में एक महिला भी शामिल है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. हादसे के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने दोनों वाहनों को साइड में हटवाकर यातायात सुचारू कराया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.