ETV Bharat / state

उदयपुर दोहरा हत्याकांड: भरोसे का कत्ल, पड़ोसी ही निकला बुजुर्ग दंपती की हत्या का मास्टरमाइंड, 5 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर के पुनावली में बुजुर्ग दंपती की हत्या और लूट मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 27, 2026 at 8:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में करीब 15 दिन पहले हुई बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है. पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे लूट की नीयत थी. आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती की दिनचर्या की जानकारी जुटाने के बाद वारदात को अंजाम दिया.

हत्या के बाद बक्से में छुपाए शव: एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पुनावली निवासी लहरीलाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के शव 14 अगस्त को उनके घर के अंदर मिले थे. दोनों 12 अगस्त से लापता थे. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 11 अगस्त की देर रात घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया था. एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार आरोपियों ने लहरीलाल के सिर पर हथौड़े से कई वार किए, जबकि उनकी पत्नी राधा देवी का गला घोंटकर हत्या की गई. इसके बाद दोनों शवों को प्लास्टिक की थैली में पैक कर बक्से में रख दिया गया. वारदात के बाद आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए.

इसे भी पढ़ें- Elderly Couple Murdered Case : बारां में परिवार से अलग रह रहे बुजुर्ग दंपती की घर में घुसकर हत्या

भरोसा जीतकर घर में घुसे थे हत्यारे: एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी मृतक दंपती के गांव का ही कुशल उर्फ खुशी पालीवाल था. पुलिस के अनुसार कुशल ने करीब एक महीने पहले इस योजना को बनाया था. उसने अपने साथी किशन पालीवाल और जीवन पालीवाल के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती की दिनचर्या की जानकारी जुटाई. 10 अगस्त को कुशल और चंद्र कुमार मृतक दंपती के घर पहुंचे थे. पड़ोसी होने के कारण उन्हें आसानी से घर में प्रवेश मिल गया. आरोपियों ने वहां समय बिताया और फिर रात में वारदात को अंजाम देने का इंतजार किया.

पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 5 को दबोचा: पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मौका देखकर इस गंभीर अपराध को अंजाम दिया. इसके बाद उन्होंने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की ताकि किसी को शक न हो. परिजनों के घर पहुंचने के बाद घटना का पता चला. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुशल उर्फ खुशी पालीवाल, किशन पालीवाल, जीवन पालीवाल, चंदन यादव और दिलीप चौधरी को गिरफ्तार किया है. एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

इसे भी पढ़ें- वृद्ध दंपति की हत्या और लूट का खुलासा, पुलिस ने 36 घंटे के अंदर आरोपियों को किया गिरफ्तार