Decoy Operation : उदयपुर में महिला दलाल सहित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज
भ्रूण लिंग परीक्षण पुलिस की बड़ी कार्रवाई. पीसीपीएनडीटी एक्ट में दलाल और डॉक्टर गिरफ्तार...

Published : January 8, 2026 at 8:43 PM IST
उदयपुर: जिले में मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित डिकॉय कार्रवाई करते हुए भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त महिला दलाल सहित एक चिकित्सक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. साथ ही भ्रूण लिंग की जानकारी के लिए ली गई 30 हजार रुपये की राशि भी डिकॉय टीम ने बरामद की है.
राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी अध्यक्ष एवं मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. अमित यादव ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि उदयपुर व इसके आसपास के क्षेत्रों में दलाल व चिकित्सकों के गिरोह के माध्यम से भ्रूण लिंग परीक्षण कार्य किया जा रहा है. इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमंत जाखड़ के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक मंजू मीणा के नेतृत्व में डिकॉय टीम गठित कर उदयपुर भेजी गई.
पढ़ें : भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़: मुख्य सरगना समेत 3 गिरफ्तार, एक फरार
डॉ. यादव ने बताया कि उदयपुर निवासी महिला दलाल पूजा सागर ने डिकॉय सदस्य गर्भवती महिला को 7 जनवरी को 11 बजे महाराणा भूपाल अस्पताल के सामने 35 हजार रुपए की राशि लेकर बुलाया. कुछ समय इधर-उधर घुमाने के बाद पास ही स्थित निजी अमर आशीष अस्पताल एवं टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर की संचालक डॉ. नीना सक्सेना से मिलवाया और इसके बाद महिला दलाल डिकॉय गर्भवती को धरा डायनोस्टिक नामक सेंटर पर लेकर गए.
वहां ढाई हजार रुपए की रसीद कटवाकर सोनोग्राफी की गई और सोनोग्राफी रिपोर्ट, रसीद और फिल्म के साथ डॉक्टर की रेफरल स्लिप लेकर वापस अमर आशीष अस्पताल आए. उन्होंने बताया कि वहां डॉ. नीना सक्सेना ने गर्भवती से 30 हजार रुपए की राशि लेकर भ्रूण लिंग की जानकारी दी. इशारा मिलते ही टीम ने अस्पताल में चिकित्सक नीना सक्सेना को तत्काल राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया. साथ ही महिला दलाल पूजा सागर को भी गिरफ्तार कर लिया.

