ETV Bharat / state

मुरादाबाद में नमाज पढ़कर लौट रहे टायर व्यापारी की गोली मारकर हत्या

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि नमाज पढ़कर लौट रहे टायर व्यापारी अनीस पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी.

टायर व्यापारी की गोली मारकर हत्या.
टायर व्यापारी की गोली मारकर हत्या. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 9:38 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुरादाबाद: नमाज पढ़कर लौटते वक्त टायर व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुक्रवार शाम हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई. घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि नमाज पढ़कर लौट रहे टायर व्यापारी अनीश पाशा (48) पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया. इस संबंध में परिवार वालों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है.

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र निवासी टायर व्यापारी अनीश पाशा MRF टायर की एजेंसी चलाते हैं. शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे अनीश अपने भाई और बच्चों के साथ तरावीह की नमाज अदा करके घर लौट रहे थे. तभी सरेराह घात लगाए बैठे बदमाशों ने अनीस पाशा को गोली मार दी.

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई. घायल व्यापारी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनीश पाशा को मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिवार में पत्नी शाजिया, दो बेटे और चार बेटियां हैं. मृतक के परिवार में कोहराम मचा है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है.

हालांकि, अभी हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है. माना जा रहा है कि किसी रंजिश के चलते टायर व्यापारी की हत्या की गई है. फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है.

शुक्रवार को दो हत्याएं: शुक्रवार को मुरादाबाद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आपसी विवाद ने दो जिदगियों का खात्मा कर दिया. पहली घटना नागफनी शहरी थाना क्षेत्र में तरावीह पढ़ने जा रहे अलविना बेकरी के मालिक मोहम्मद असद की उन्हीं के साले ने प्रॉपर्टी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी.

वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के कुंदरकी थाना क्षेत्र में तरावीह की नमाज अदा करके घर वापस लौट रहे टायर व्यापारी की बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई.

यह भी पढ़ें: ATS ने तुर्की में बनी वेबसाइट से भारत विरोधी गतिविधियों के लिए धन जुटाने वाले को किया गिरफ्तार