ETV Bharat / state

बिहार में डबल मर्डर का खुलासा, एक शव खेत में, तो दूसरा जमीन में दफन..न्यू ईयर पार्टी में दोस्तों ने की हत्या

दरभंगा में न्यू ईयर पार्टी में दो युवकों की आठ दोस्तों ने हत्या कर दी. एक शव खेत में, तो दूसरा जमीन में दफन मिला.

Darbhanga murder Case
दरभंगा मर्डर केस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 5, 2026 at 8:29 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में नए साल की पार्टी मनाने गए दो युवकों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. मृतकों की पहचान मन्ना महतो और बादल मंडल के रूप में हुई है.

आठ दोस्तों ने की हत्या: मामला सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक गांव का है. 1 जनवरी की रात करीब 9 बजे आठ दोस्तों ने मिलकर न्यू ईयर पार्टी की थी. पार्टी के दौरान किसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दोनों युवकों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी.

दरभंगा मर्डर केस (ETV Bharat)

एक शव खेत में मिला, दूसरा जमीन में दफन: परिजनों की गुमशुदगी की शिकायत के बाद शनिवार को मन्ना महतो का शव गेहूं के खेत में बरामद हुआ. पुलिस की पूछताछ में एक आरोपी ने कबूल किया कि बादल मंडल की भी हत्या की गई है और उसका शव छिपाया गया है.

तीन दिन बाद दूसरा शव बरामद: रविवार को पुलिस ने आरोपी छोटू की निशानदेही पर मिल्कीचक गांव के एक बगीचे में गड्ढा खोदकर बादल मंडल का शव बरामद किया. शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसे मिट्टी से ढक दिया गया था.

एक आरोपी गिरफ्तार, आठ पर आरोप: पुलिस ने अनिल कुमार के पुत्र छोटू को गिरफ्तार कर लिया है. कुल आठ दोस्तों पर दोनों युवकों की हत्या का आरोप है. मृतक बादल के भाई गुड्डू ने बताया कि पार्टी में बादल और ऋतिक के बीच विवाद हुआ था, जो बढ़ता चला गया और उसके बाद उनके भाई और उसके दोस्त की हत्या कर दी गई.

"1 जनवरी की रात सभी दोस्त पार्टी करने गए थे. जहां बादल और ऋतिक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. पार्टी के दौरान विवाद और बढ़ गया. इसी दौरान बादल पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद पास में ही गड्ढा खोदकर उसके शव को हाथ-पैर बांधकर दफना दिया गया."-गुड्डू, मृतक के भाई

क्या कहती है पुलिस: एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद सामने आ रहा है, हालांकि सटीक कारण स्पष्ट नहीं है. कुछ और गिरफ्तारियां होने के बाद मामले का पूरा खुलासा होगा.

"प्रारंभिक जांच में दोस्तों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आ रही है. आठ दोस्तों पर दोनों युवकों की हत्या का आरोप है." पुलिस ने अनिल कुमार के पुत्र छोटू को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर ही बादल मंडल का शव बरामद हुआ था."-राजीव कुमार, एसडीपीओ

इलाके में दहशत, पुलिस बल तैनात: दोनों शव बरामद होने से गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-

स्कूल में बेटे की मौत.. महीनों तक न्याय की गुहार, सिस्टम से हारकर निराश मां ने दे दी जान

बिहार में समोसे के लिए बवाल, महिला दुकानदार ने नहीं दिया उधार तो बदमाशों ने की मारपीट और फायरिंग