सीकर में दर्दनाक हादसा: वाटर टैंक की सफाई करते समय दो की मौत, एक किशोर परिवार का इकलौता बेटा
सीकर में वाटर टैंक की सफाई के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई. हादसे में परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई.

Published : May 16, 2026 at 4:10 PM IST
सीकर: जिले के घाटवा गांव में एक दर्दनाक हादसे में वाटर टैंक की सफाई करते समय डूबने से एक युवक और एक किशोर की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. मृतकों की पहचान रोशन मीणा (26) पुत्र पोखरमल मीणा और लोकेश बाज्या (17) पुत्र भंवरलाल बाज्या के रूप में हुई है. यह घटना लोकेश के घर पर बने पानी के टैंक में हुई.
लोकेश के पिता भंवरलाल ने बताया कि घर में बने गहरे वाटर टैंक की सफाई का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से दोनों युवक टैंक के अंदर गिर गए. टैंक में काफी गहराई तक पानी भरा हुआ था, जिस कारण दोनों बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए. हादसा इतना अचानक हुआ कि घर और आसपास मौजूद लोगों को इसकी कोई भनक तक नहीं लगी.
इसे भी पढ़ें- बीकानेर हादसा: डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
टैंक में मिले दोनों: उन्होंने बताया कि दोनों युवक टैंक के अंदर अचेत अवस्था में पड़े मिले. करीब आधे घंटे बाद जब परिजनों ने दोनों को घर में नहीं देखा तो उनकी तलाश शुरू की गई. इसी दौरान परिवार के एक सदस्य की नजर खुले पड़े टैंक के ढक्कन पर पड़ी. पास जाकर देखा तो दोनों युवक टैंक के अंदर बेहोश अवस्था में पड़े थे. ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत दांता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
लोकेश परिवार का इकलौता बेटा: लोकेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी एक बड़ी बहन है. वह लोसल के एक निजी विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था. बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, रोशन मीणा सीकर में एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. रोशन और उसके भाई की शादी मार्च 2025 में हुई थी. शादी के महज एक साल बाद ही इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- धौलपुर: शादी के गीतों के बीच मातम, नहाते समय पार्वती नदी में डूबा दूल्हे का चचेरा भाई

