भीलवाड़ा की कपड़ा फैक्ट्री में अचेत मिले दो श्रमिक, अस्पताल में तोड़ा दम, साथी मजदूरों का प्रदर्शन
मृतकों के परिजन व साथी कर्मचारियों ने जहरीली गैस या करंट लगने से अचैत होने की आशंका जताई है.

Published : January 7, 2026 at 12:36 PM IST
भीलवाड़ा: चित्तौड़गढ़-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजसिंहपुरा के निकट कपड़ा फैक्ट्री में बुधवार को हादसा हो गया. फैक्ट्री में बॉयलर के पास दो श्रमिक अचेत मिले, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है. मृतकों के परिजन व साथी कर्मचारियों ने जहरीली गैस या करंट लगने से अचैत होने की आशंका जताई है. हादसे से श्रमिकों में रोष फैल गया, उन्होंने प्रदर्शन किया.
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मांडल थाना क्षेत्र के रायसिंहपुरा के निकट कपड़ा फैक्ट्री में बॉयलर के पास आसींद के जिद्रास के गजानंद गाडरी (25) पुत्र रामचंद्र और कमलेश गुर्जर (24) पुत्र जीवराज गुर्जर बुधवार को अचेत मिले. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और अन्य श्रमिकों की मदद से दोनों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले गए.
पढ़ें:श्रमिक की मौत पर बवाल, पुलिस जाब्ता तैनात, जानिए पूरा मामला
यहां इलाज के दौरान गजानंद व कमलेश ने दम तोड़ दिया. दोनों शव एमजीएच की मोर्चरी में रखवाए. यहां श्रमिकों ने प्रदर्शन किया. पुलिस एवं प्रशासन ने समझाइश की. एसपी ने कहा कि दोनों श्रमिकों की मौत की जांच की जा रही है. इनकी मौत जहरीली गैस या करंट या अन्य वजह से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. इस मामले में मृतक के परिजन व साथी कार्मिकों ने जहरीली गैस या करंट लगने से अचैत होने की आशंका जताई है. साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन पर भी कई आरोप लगाए हैं. उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच करने की बात कही है.

