24 घंटे में हाथी ने दो महिलाओं को मार डाला, दहशत में गुजर रही रात
लोहरदगा में पिछले 24 घंटे में हाथी द्वारा दो महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया.

Published : May 27, 2026 at 7:55 PM IST
लोहरदगा: जिले में हाथियों का उत्पात फिर एक बार शुरू हो गया है. पिछले 24 घंटे के अंदर एक हाथी ने दो महिलाओं की जान ले ली. हाथी के डर से ग्रामीण भयभीत हैं. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है. ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी गई है. हाथियों का झुंड लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है. जिसमें से एक-दो हाथी झुंड से अलग होकर लोगों की जान ले रहे हैं.
दो महिलाओं को हाथी ने बनाया निशाना
लोहरदगा में एक के बाद एक दो महिलाओं को हाथी ने अपना निशाना बनाया है. दोनों महिलाओं की पटक पटककर हाथी ने जान ली है. घटना लोहरदगा जिला के भंडरा थाना क्षेत्र के बेदाल टंगरा टोली और सेन्हा थाना क्षेत्र के बढ़ी केराटोली स्थित सीता पहाड़ के पास की है.
महुआ चुनने के दौरान महिला पर कहर बनकर टूटा हाथी
दोनों ही घटनास्थल सीमावर्ती इलाके की हैं. हाथी ने सेन्हा थाना क्षेत्र के बरही केराटोली स्थित सीता पहाड़ के पास महुआ चुनने गई धीरन उरांव की पटक पटककर जान ले ली. ग्रामीणों को काफी देर बाद इसकी जानकारी मिली. ग्रामीण जब महिला की तलाश में निकले तो एक गड्ढे में उसका शव मिला. इसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई.
दूसरे मामले में महिला को कुचलकर मारा
इसके बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है. वहीं हाथियों के झुंड ने लोहरदगा जिला के भंडरा थाना क्षेत्र के बेदाल टंगरा टोली में खेत में गेहूं काट रही एक महिला को कुचलकर मार डाला. इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग और भंडरा थाना पुलिस को दी.
दो महिला की मौत के बाद दहशत में ग्रामीण
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की. साथ ही यह पुष्टि की है कि महिला की मौत हाथी के हमले से हुई है. वन विभाग द्वारा दोनों ही परिवारों को प्रावधान के अनुसार, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना को लेकर ग्रामीणों में भय है. हाथियों का झुंड लगातार कुडू, कैरो, भंडरा और सेन्हा थाना क्षेत्र में विचरण कर रहा है. आए दिन लोगों के घर टूट रहे हैं. झुंड फसलों को बर्बाद कर रहा है और कई लोगों की जान भी ले चुका है.
हाथियों ने दो महिलाओं की जान ले ली है. वन विभाग हाथियों पर नजर रखे हुए है. प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी: विक्की महतो, प्रभारी फोरेस्टर
हाथियों पर वन विभाग की निगरानी
जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड लगातार क्षेत्र में सक्रिय है. हाथियों ने पिछले 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं की जान ली है. अलग-अलग स्थानों से महिलाओं के शव बरामद हुए हैं. वन विभाग मामले की जांच कर रहा है. इसके साथ ही हाथियों पर निगरानी भी रखी जा रही है. हाथियों के लगातार हमले से ग्रामीण दहशत में हैं.
ये भी पढ़ें- गुमला में महुआ चुनने गई थी महिला, जंगली हाथी ने कुचलकर उतारा मौत के घाट
लातेहार में जंगली हाथी ने ली एक ग्रामीण की जान, घटना के बाद इलाके में दहशत का महौल

