लोहरदगा में दो महिलाओं की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत, चालक और वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लोहरदगा जिला के सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई.

Published : May 31, 2026 at 2:46 PM IST
लोहरदगा: जिले में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठी दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया. जिसकी वजह से दोनों महिलाओं की मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
काफी तेज थी ट्रैक्टर की रफ्तार
दुर्घटना का स्पष्ट कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है. ट्रैक्टर की रफ्तार काफी अधिक थी. चालक, ट्रैक्टर पर अपना नियंत्रण नहीं रख सका था और उसने दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया. जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रही थी महिलाएं
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. जानकारी के मुताबिक, सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव स्थित अखरा के पास दो महिलाएं घर के बाहर बैठकर आपस में बातचीत कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर का ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंचा और दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया.
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी
हादसा इतना गंभीर था कि 70 वर्षीय इतवरिया उरांव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरी महिला 50 वर्षीय लक्ष्मी देवी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है.
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही सामने आई है. चालक एवं वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नीरज झा, थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें- पुलिस कर रही थी पीछा, दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की हुई मौत
पलामू में अलग-अलग हादसे में दो चालक की मौत, पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर किया जब्त
चतरा: ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, अफीम की खेत में कर रहा था जुताई

