ETV Bharat / state

बच्चा चोर के शक में महिलाओं की पिटाई, पुलिस की चेतावनी- मारपीट करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

धनबाद में बच्चा चोर के शक में अलग अलग इलाके में दो महिलाओं के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है.

Two women beaten up in different areas on suspicion of being child lifters in Dhanbad
बाघमारा थाना परिसर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 17, 2026 at 7:04 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबादः झारखंड में बच्चा चोर की अफवाह थमने का नाम नहीं ले रही है. अफवाह फैलते ही लोग बिना सच्चाई जाने उग्र हो जा रहे हैं और कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं. बोकारो के बाद एक मामला धनबाद में सामने आया है. जिला के बाघमारा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बच्चा चोर की शंका में दो महिलाओं की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी.

जिला के बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खानुडीह और हरिणा चौक में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बच्चा चोर होने की अफवाह फैल गई. लोगों ने दो अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

इस घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने उग्र लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद दोनों महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर बाघमारा थाना लाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. यदि किसी पर संदेह हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन कानून हाथ में न लें. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या किसी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बाघमारा थाना प्रभारी अजीत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दो महिलाओं को थाना लाया गया है. जिसके बाद इलाज के लिए दोनों को बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया, दोनों मानसिक रूप से अर्द्धविक्षिप्त हैं. इनमें से एक उम्र करीब 60 साल है जबकि दोनों अपना नाम और पता नहीं बता पा रही हैं. वहीं एक महिला को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया लेकिन वह अस्पताल से भागकर वापस थाना पहुंच गई है. पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.